मथुरा: शादी समारोह में दूल्हा-दुल्हन को महंगे उपहार मिलना आम बात है, लेकिन सुरीर क्षेत्र के गांव नगला फौदा में एक जीजा ने अपने सालों की घुड़चढ़ी को यादगार बना दिया। उन्होंने दोनों दूल्हों को 500-500 रुपये के नोटों से तैयार करीब 100-100 फीट लंबी मालाएं पहनाईं। इन मालाओं की कीमत एक-एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। इतनी लंबी मालाओं को संभालने में लोगों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।
दो परिवारों में एक साथ मनाई जा रही थीं शादी की खुशियां
नगला फौदा निवासी ठाकुर योगेंद्र सिंह के बेटे प्रशांत और कुशलपाल के बेटे कान्हा राघव की शनिवार को गांव में घुड़चढ़ी निकाली गई। दोनों की शादी गोवर्धन स्थित एक मैरिज होम में गांव मुड़सेरस की युवतियों के साथ होनी है। समारोह में रिश्तेदारों और ग्रामीणों की बड़ी संख्या मौजूद थी। इसी दौरान राजस्थान के कामां क्षेत्र के गांव नंदोली निवासी जीजा योगेश कुमार ठाकुर ने दोनों को खास अंदाज में आशीर्वाद दिया।
500 रुपये के नोटों से तैयार कराई गईं विशाल मालाएं
योगेश कुमार ठाकुर ने दोनों सालों को 500-500 रुपये के नोटों से बनी एक-एक माला पहनाई। बताया गया है कि प्रत्येक माला करीब 100 फीट लंबी और एक करोड़ रुपये की है। जैसे ही दोनों दूल्हों के गले में इतनी बड़ी मालाएं डाली गईं, समारोह में मौजूद लोग इस नजारे को मोबाइल कैमरों में कैद करने लगे। जीजा का यह अनोखा अंदाज घुड़चढ़ी में आकर्षण का केंद्र बन गया।
मार्बल और पत्थर के शोरूम चलाते हैं दोनों दूल्हे
बताया गया है कि प्रशांत और कान्हा राघव मार्बल और पत्थर के शोरूम का संचालन करते हैं। दोनों भारतीय किसान यूनियन भानु के किसान नेता महावीर स्वामी के भतीजे भी बताए गए हैं। घुड़चढ़ी में नोटों की विशाल मालाएं पहनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। नगला फौदा के साथ आसपास के गांवों में भी इस अनोखे उपहार की चर्चा हो रही है।











