बागडोगरा एयरपोर्ट को लेकर भारत ने नेपाल से नहीं मांगी कोई अनुमती, बालेंद्र शाह के दौरे से पहले आया बड़ा अपडेट

0
10

नई दिल्ली: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के भारत दौरे से पहले बागडोगरा एयरपोर्ट को लेकर एक अहम खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि भारत नेपाल के हवाई क्षेत्र से सैन्य विमानों को गुजरने की अनुमति मांग रहा है। हालांकि, सरकारी सूत्रों ने इस खबर को खारिज करते हुए साफ किया है कि ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, सैन्य विमानों के लिए नेपाल के हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल पर कोई चर्चा नहीं हुई है।

मीडिया रिपोर्ट्स में भारत और नेपाल के बीच हवाई संपर्क बढ़ाने को लेकर बातचीत का जिक्र किया गया था। बताया गया था कि भारत पश्चिम बंगाल के बागडोगरा एयरपोर्ट से आने-जाने वाली नागरिक उड़ानों के लिए नेपाल के हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल करना चाहता है। लेकिन सैन्य विमानों को लेकर किए गए दावों को सूत्रों ने पूरी तरह गलत बताया है। यह सफाई ऐसे समय आई है, जब नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह भारत के दौरे पर आने वाले हैं।

आज भारत पहुंचेंगे नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह पहली बार भारत के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। सोमवार को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक होगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग और कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। बैठक के बाद दोनों प्रधानमंत्री ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा, द्विपक्षीय सहयोग के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े समझौतों पर हस्ताक्षर और उनका आदान-प्रदान भी किया जाएगा। दिल्ली प्रवास के दौरान शाह राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे और उनकी समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। वह नेपाल-भारत बिजनेस फोरम में भी हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार और आर्थिक संबंधों को मजबूत करना है।

अयोध्या और जनकपुर के बीच शुरू होगी साप्ताहिक ट्रेन

भारत और नेपाल के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए जनकपुरधाम और अयोध्या कैंट के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन भी चलाई जाएगी। करीब 604 किलोमीटर लंबे इस रेल मार्ग पर बिहार और उत्तर प्रदेश के कई शहरों को जोड़ा जाएगा। ट्रेन जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती और मनकापुर होते हुए अयोध्या पहुंचेगी।

भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और भौगोलिक संबंध हैं। दोनों देशों के बीच 1,751 किलोमीटर लंबी खुली सीमा है और 1950 की शांति एवं मैत्री संधि इनके रिश्तों का आधार है। प्रधानमंत्री शाह का यह दौरा व्यापार, ऊर्जा, डिजिटल संपर्क और आपसी सहयोग को नई दिशा देने का अवसर माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here