मथुरा में भीषण हादसा, तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक में घुसी, चार की मौत, पांच घायल

0
6

मथुरा: दिल्ली-आगरा हाईवे पर सोमवार सुबह छटीकरा पुल के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सड़क किनारे सर्विस लेन पर खड़े डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि पांच घायलों का उपचार जारी है।

मृतकों में रुबी, ज्योति और दो अन्य शामिल

पुलिस के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे थाना जैंत क्षेत्र में सनसिटी के पास सर्विस लेन पर हुआ। मध्य प्रदेश नंबर की स्विफ्ट कार (एमपी 30 जेडजे 2690) में नौ लोग सवार थे। कार खड़े डंपर से टकरा गई। हादसे में रुद्र, कान्हा, रुबी और ज्योति की मौत हो गई। वहीं आशा, देवाशीष, गिरजा, पलक और गौरी घायल हुए हैं। सभी मध्य प्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले बताए गए हैं। घायलों को सर्वोदय मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

डीएम और एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के उपचार और उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली। चिकित्सकों की टीम घायलों का इलाज कर रही है। बताया जा रहा है कि घायलों में दो की हालत गंभीर है।

बरसाना से रमणरेती जा रहे थे कार सवार

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार सवार ग्वालियर से आए थे। वे बरसाना में परिक्रमा करने के बाद रमणरेती जा रहे थे। रात में दो अलग-अलग स्थानों पर परिक्रमा करने के कारण चालक की नींद पूरी नहीं हो सकी थी। आशंका है कि सुबह गाड़ी चलाते समय उसे झपकी आ गई और कार अनियंत्रित होकर खड़े डंपर में जा घुसी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। मृतकों और घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

Reported By: Prem Kaushik 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here