पहली भारत यात्रा पर PM बालेन शाह, नरेंद्र मोदी से मुलाकात में ऊर्जा और कनेक्टिविटी समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा

0
3

नई दिल्ली: नेपाल के नए प्रधानमंत्री बालेन शाह अपनी पहली भारत यात्रा पर हैं। आज उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच ऊर्जा, जलविद्युत, रेलवे और कनेक्टिविटी जैसे मुद्दों पर बात हुई। राष्ट्रपति भवन में बालेन शाह का भव्य स्वागत किया गया। हैदराबाद हाउस में दोनों की द्विपक्षीय बैठक हुई। बैठक से पहले बालेन शाह ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को पुष्पांजलि दी। उन्होंने कहा कि सत्य की शक्ति दुनिया की किसी भी ताकत से बड़ी होती है। उन्होंने कहा, मैं गौतम बुद्ध की जन्मभूमि से आया हूं। महात्मा गांधी की विरासत में वो प्रकाश है, जो शांति का संदेश देता है।

पीएम मोदी ने किया 24 हजार करोड़ के पैकेज का ऐलान

प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल में आई बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी। साथ ही उन्होंने नेपाल के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपयों के विकास पैकेज की घोषणा की। पीएम मोदी ने कहा कि भारत-नेपाल के संबंध साझा इतिहास, आस्था और संस्कृति से बंधे हैं। उन्होंने कहा, नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं। नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं। उन्होंने भगवान राम और माता सीता को भारत और नेपाल की साझा आस्था का प्रतीक बताया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत-नेपाल का रिश्ता सिर्फ पड़ोस का नहीं है। ये अपनेपन और अटूट विश्वास का रिश्ता है।

पीएम मोदी और बालेन शाह ने सरयू-कमला एक्सप्रेस को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई। ये ट्रेन अयोध्या को जनकपुर से जोड़ेगी। ट्रेन को फूलों से सजाया गया था। ये ट्रेन 28 नवंबर से नियमित सेवा में आ जाएगी। ये अयोध्या कैंट और जनकपुर धाम के बीच 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसमें लगभग 19 घंटे का समय लगेगा। ये एक साप्ताहिक सेवा होगी। पीएम मोदी ने कहा कि इस ट्रेन से दोनों देश रिश्ते को नया आयाम दे रहे हैं। ये ट्रेन अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को जनकपुर तक जाने में मदद करेगी।

बंदरगाह और कनेक्टिविटी पर भी बात

पीएम मोदी ने कहा कि भारत नेपाल को व्यापार के लिए कांडला और पारादीप बंदरगाहों तक पहुंच देगा। इससे नेपाल के व्यापार को आसान बनाने में मदद मिलेगी। दोनों देशों के बीच कनेक्टिविटी भी बढ़ेगी। बिहार, उत्तर प्रदेश और भारत के दूसरे राज्यों को नेपाल से जोड़ने वाले सड़क, रेल और बॉर्डर प्रोजेक्ट्स को भी तेज किया जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि तेल की सप्लाई में चुनौतियों के बावजूद भारत ने नेपाल को ईंधन और खाद की आपूर्ति जारी रखी। आज मोतिहारी-अमलेखगंज पाइपलाइन के दूसरे चरण का उद्घाटन हुआ। झापा पेट्रोलियम टर्मिनल का शिलान्यास भी हुआ। इससे ये साझेदारी और मजबूत होगी। दोनों नेताओं के बीच ऊर्जा, जलविद्युत परियोजनाओं, रेलवे, कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे पर खास फोकस रहा। बालेन शाह के पीएम बनने के बाद ये उनकी पहली भारत यात्रा है। रविवार शाम विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी उनसे मुलाकात की थी।

दोनों देशों के बीच हुए 8 समझौते

भारत और नेपाल के बीच कुल आठ अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। इनमें पहला समझौता फॉरेंसिक साइंस के क्षेत्र में सहयोग को लेकर हुआ। दूसरा, रक्षा यूनिवर्सिटी और नेपाल पुलिस एकेडमी के बीच सहयोग से जुड़ा है। तीसरा समझौता नेपाल के सिविल सेवकों के ट्रेनिंग प्रोग्राम को लेकर हुआ। चौथा, आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग पर सहमति बनी। पांचवां समझौता सैटेलाइट कम्युनिकेशन नेटवर्क के लिए ISRO और नेपाल के बीच हुआ। छठा, सतत शहरी विकास में तकनीकी सहयोग से संबंधित है। सातवां समझौता स्वास्थ्य और चिकित्सा के क्षेत्र में सहयोग को लेकर हुआ, जबकि आठवां पशुधन और मत्स्य पालन के विकास से जुड़ा है। इस बैठक से दोनों देशों के रिश्तों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here