श्री नीलकंठ महादेव कावड़ संघ की पहल रतिया में शुरू हुई वेंटिलेटर युक्त एंबुलेंस सेवा

0
11

रतिया: शहर में जरूरतमंद और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से श्री नीलकंठ महादेव कांवड़ संघ की ओर से वेंटिलेटर युक्त एंबुलेंस सेवा शुरू की गई है। संघ द्वारा गरीब, मजदूर और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मरीजों की सहायता के लिए शहर में पहली वेंटिलेटर युक्त एंबुलेंस चलाने का निर्णय लिया गया था। इसी कड़ी में करीब एक सप्ताह पहले एंबुलेंस खरीदी गई थी, जिसके बाद उसमें वेंटिलेटर, मॉनिटर सहित अन्य आवश्यक चिकित्सा उपकरण स्थापित करवाए गए।

पूजा-अर्चना के बाद एंबुलेंस सेवा शुरू

शुक्रवार को इस एंबुलेंस को विधिवत रूप से जरूरतमंद मरीजों की सेवा के लिए समर्पित किया गया। इस अवसर पर सबसे पहले सती माई मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। वरिष्ठ पंडित मानचंद शास्त्री ने विधि-विधान से पूजा संपन्न करवाई। इसके पश्चात मंत्रोच्चारण के बीच नारियल फोड़कर एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाई गई और सेवा कार्य के लिए रवाना किया गया। इस मौके पर शहर थाना प्रभारी परवीन कुमार और धार्मिक प्रवक्ता धर्मेंद्र गोस्वामी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

ट्रस्टी सदस्यों ने दिया सहयोग

एंबुलेंस सेवा के लिए प्रवीण गर्ग, सोमनाथ गर्ग, विक्की मेहता, सोनू जिंदल, संजय मोदी, सुभाष चुघ, सुखचरण दास सुखा, रामगोपाल गोयल, विकास ग्रोवर विक्की, लाभ चंद, शिव कुमार गर्ग, कुलवंत डोडा, कृष्ण डोडा, प्रमोद बंसल और सोहन खिपल ने सहयोग देकर ट्रस्टी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाई।

15 रुपये प्रति किलोमीटर होगा किराया

इस अवसर पर ट्रस्ट के प्रधान रमन बलाना और चेयरमैन कमल अरोड़ा ने बताया कि एंबुलेंस का किराया मात्र 15 रुपये प्रति किलोमीटर निर्धारित किया गया है। यह दर बिना किसी लाभ-हानि के केवल संचालन खर्च को ध्यान में रखकर तय की गई है, ताकि जरूरतमंद परिवारों को कम खर्च में बेहतर सुविधा मिल सके।

महाराजा अग्रसेन अस्पताल के बाहर मिलेगी सुविधा

उन्होंने बताया कि एंबुलेंस महाराजा अग्रसेन अस्पताल के बाहर, बड़ी नहर के समीप उपलब्ध रहेगी। जरूरतमंद मरीज या अस्पताल प्रबंधन ट्रस्ट के सदस्यों से फोन अथवा अन्य माध्यम से संपर्क कर इसकी सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। संघ का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की मदद करना और गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाना है।

Reported By: Rimpi Jindal

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here