हरियाणा दिवस समारोह: लोक कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों से सजी शाम, राष्ट्रपति व मुख्यमंत्री का हुआ लाइव प्रसारण

0
9

हिसार: हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में जिला स्तरीय हीरक जयंती कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के गौरवशाली इतिहास से जुड़ी गौरव गाथा का बेहतरीन प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर हरियाणवी कलाकारों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम के दौरान कुरुक्षेत्र से महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के संदेश का सीधा प्रसारण किया गया, इसके अलावा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

प्रदेश को ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त शालिनी चेतल ने कहा कि हरियाणा दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि प्रदेश की उपलब्धियों पर गर्व करने और भविष्य में इसे नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लेने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए हम सभी को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और आपसी सहयोग की भावना के साथ कार्य करना चाहिए। यदि प्रदेश का प्रत्येक व्यक्ति अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी लगन और मिलजुलकर करेगा, तो निश्चित रूप से हरियाणा की उन्नति और विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकेगा। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और सकारात्मक सोच से ही प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

मेहनत, प्रतिभा और संस्कृति हमारी धरोहर

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि प्रदेश ने कृषि, खेल, शिक्षा, उद्योग, विज्ञान और तकनीकी सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी मेहनत, प्रतिभा और उपलब्धियों के दम पर देशभर में विशिष्ट पहचान बनाई है। हरियाणा के मेहनती किसानों, प्रतिभाशाली खिलाडय़िों और युवाओं ने प्रदेश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को प्रदेश की संस्कृति, परंपराओं और महापुरुषों के योगदान से प्रेरणा लेते हुए हरियाणा के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा की लोक संस्कृति, रीति-रिवाज और परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं, जिन्हें सहेजकर अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों एवं युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ प्रदेश की संस्कृति, इतिहास और गौरवशाली परम्पराओं से जुडऩे का अवसर प्रदान करते हैं। इस मौके प्रसिद्ध इतिहासकार प्रोफेसर महेंद्र ने हरियाणा के गठन से पूर्व तथा गठन के बाद की ऐतिहासिक यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कलाकारों ने दीं मनमोहक प्रस्तुतियां

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के कलाकारों ने हरियाणा वंदना, जय-जय वीर भूमि हरियाणा तथा वंदे मातरम राष्ट्रगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दी। प्रसिद्ध कलाकार अंकित शर्मा और शिक्षा विभाग की टीमों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दी। इस अवसर पर एसडीएम ज्योति मित्तल, नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त डॉ वेद प्रकाश बेनीवाल, डीईटीसी तरुणा लांबा, उच्चतर शिक्षा विभाग से कमलेश दुहन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Reported By: Praveen Kumar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here