हिसार: करवा चौथ और दिवाली के त्योहारों को देखते हुए हिसार पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में बाजारों, प्रमुख मंदिरों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है, ताकि नागरिक बिना किसी डर के बाजारों में खरीदारी कर सकें और परिवार के साथ त्योहारों का आनंद ले सकें।
बाजारों और मंदिरों में चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर
त्योहारों के दौरान बाजारों और मंदिरों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है । वर्दीधारी पुलिस बल के साथ सिविल पारचात में भी पुलिसकर्मी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे। प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी रखी जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा, जेबकतरी, चोरी, छीनाझपटी और अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए पुलिस सतर्क रहेगी।
पुलिस की ओर से यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि बाजारों में खरीदारी करने आने वाले लोगों को अनावश्यक जाम का सामना न करना पड़े और आपातकालीन सेवाओं के आवागमन में बाधा न आए।
दुकानदारों के लिए जरूरी निर्देश: निर्धारित पार्किंग में ही खड़े करें दोपहिया वाहन
राजगुरु मार्केट और न्यू राजगुरु मार्केट के बीच दुकानदारों के दोपहिया वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग की व्यवस्था की गई है। सभी दुकानदारों से अपील की जाती है कि वे अपने दोपहिया वाहन इसी निर्धारित पार्किंग में खड़े करें। बाजार के अंदर या रास्तों पर वाहन खड़े करने से भीड़ बढ़ती है, पैदल चलने वाले लोगों को परेशानी होती है और यातायात बाधित होता है।
निर्धारित पार्किंग के बजाय बाजार के रास्तों या प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों का सहयोग बाजार को व्यवस्थित रखने और आमजन को सुरक्षित एवं सुविधाजनक खरीदारी का माहौल उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण है।
आमजन से अपील: सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और पुलिस का सहयोग करें
हिसार पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि खरीदारी के दौरान अपने सामान और मोबाइल फोन का ध्यान रखें, अनजान व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर पुलिस को सूचित करें तथा यातायात नियमों का पालन करें। किसी भी लावारिस वस्तु को न छुएं और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं।किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क करें। पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए तत्पर है और त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
एसपी हिसार का संदेश: त्योहार खुशियों, आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक हैं। हिसार पुलिस का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक सुरक्षित वातावरण में त्योहार मना सके। आमजन निश्चिंत होकर खरीदारी करें, नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना देकर पुलिस का सहयोग करें।












