दर्द की स्याही से रची संवेदनाओं की दुनिया, ‘दर्द सुधा’ का विमोचन, राजीव जेटली ने साहित्यिक योगदान को सराहा

0
11

नई दिल्ली: शब्द जब समाज का दर्द बयां करते हैं, तो कविता केवल साहित्य नहीं, बल्कि बदलाव की आवाज बन जाती है। टूटते रिश्तों, बिखरते सपनों, मानवीय संवेदनाओं और व्यवस्था की विसंगतियों को शब्दों में पिरोती ऐसी ही भावनाओं का अनूठा संसार है डॉ. राजेश कुमार मंगला ‘पार्थ’ का नया काव्य संग्रह ‘दर्द सुधा’। बुधवार को हरियाणा भवन, नई दिल्ली में इस पुस्तक का गरिमामय विमोचन हुआ। समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार एवं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव जेटली ने कृति की सराहना करते हुए इसे करुणा, आक्रोश और गहन चिंतन का अद्भुत संगम बताया।

राजीव जेटली की टिप्पणी: संवेदनशील साहित्यकार डॉ. मंगला      

राजीव जेटली ने कहा कि डॉ. मंगला केवल एक लेखक और शिक्षाविद् नहीं, बल्कि समाज की धड़कनों और मानवीय पीड़ा को समझने वाले संवेदनशील साहित्यकार हैं। उनकी कविताओं में युवाओं के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन है, तो सामाजिक अव्यवस्थाओं के प्रति चिंता और व्यवस्था पर तीखा प्रहार भी है। बदलते दौर में सिकुड़ते रिश्तों और कमजोर पड़ती मानवीय संवेदनाओं की कसक उनकी रचनाओं में साफ झलकती है।

‘दर्द सुधा’ में संघर्ष और व्यंग्य

उन्होंने कहा कि ‘दर्द सुधा’ में टूटते सपनों, लाचारी, संघर्ष और कठिन परिस्थितियों को बेहद संवेदनशील अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों पर किया गया व्यंग्य आम आदमी की पीड़ा को आवाज देता है और पाठकों को आत्मचिंतन के लिए प्रेरित करता है।
इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर की प्रसिद्ध साहित्यकार एवं दिल्ली आकाशवाणी की प्रसारक काजल सूरी ने डॉ. मंगला की साहित्यिक उपलब्धियों को उनकी रचनात्मक प्रतिभा और साहित्य के प्रति समर्पण का प्रमाण बताया।

कुलगीतों के रचयिता डॉ. मंगला

उल्लेखनीय है कि डॉ. मंगला श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय, दूधौला और श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र के कुलगीतों के रचयिता भी हैं। समारोह में मोहित पाठक, हितेश जिंदल, तुषार मंगला, संतोष शर्मा, ललित गौर, हर्ष मित्तल, संदीप शर्मा, खुशीराम और रवि गोस्वामी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here