कैबिनेट के दो बड़े फैसले, नोएडा मेट्रो के विस्तार को मंजूरी, 3,230 करोड़ से बनेगा युगे युगीन भारत संग्रहालय

0
6

नई दिल्ली: केंद्रीय कैबिनेट ने बुधवार को नोएडा-ग्रेटर नोएडा के यात्रियों और देश की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी दो बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी दी। इनमें नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन का विस्तार और नई दिल्ली के नॉर्थ-साउथ ब्लॉक परिसर में युगे युगीन भारत संग्रहालय का विकास शामिल है। दोनों योजनाओं पर कुल 5,620 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। कैबिनेट ने एक्वा लाइन को नोएडा सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 तक बढ़ाने की मंजूरी दी है। इसके तहत 8.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिसमें पांच नए स्टेशन होंगे। परियोजना की लागत 2,390 करोड़ रुपये है और इसे चार साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस विस्तार से नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है। नोएडा सेक्टर-61 पर इंटरचेंज बनेगा, जहां से यात्री दिल्ली मेट्रो से जुड़ सकेंगे। इससे दिल्ली और एनसीआर के दूसरे हिस्सों तक पहुंचना आसान होगा। मास्टर प्लान के अनुसार, नोएडा और ग्रेटर नोएडा की संयुक्त आबादी 2011 में 7.39 लाख थी, जो 2021 में अनुमानित 24.7 लाख तक पहुंच गई। एक दशक में आबादी तीन गुना से अधिक होने के साथ दोनों शहर बड़े आवासीय और व्यावसायिक केंद्र बन चुके हैं।

पार्थला और गौर चौक पर जाम से राहत की उम्मीद

मेट्रो विस्तार से पार्थला चौक, गौर चौक और एक मूर्ति सर्किल जैसे व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक का दबाव कम हो सकता है। यात्रियों के मेट्रो अपनाने से निजी वाहनों का इस्तेमाल घटने और प्रदूषण पर लगाम लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है। नया कॉरिडोर IKEA, Adobe, HCL और Havells जैसी कंपनियों, प्रस्तावित डेटा सेंटरों, आवासीय सेक्टरों और शिक्षण संस्थानों वाले इलाकों को जोड़ेगा। इससे यहां काम करने वाले कर्मचारियों और छात्रों का रोजाना सफर सुविधाजनक हो सकेगा।

इस विस्तार से मजेंटा लाइन के जरिए इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंचना आसान होगा। ब्लू लाइन के माध्यम से नई दिल्ली, आनंद विहार और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों से कनेक्टिविटी मिलेगी। ग्रेटर नोएडा के बोड़ाकी में प्रस्तावित मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब से भी संपर्क बनेगा। प्रस्तावित आरआरटीएस कॉरिडोर के जरिए जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और हिंडन एयरपोर्ट तक पहुंच की योजना है।

नॉर्थ-साउथ ब्लॉक में बनेगा संग्रहालय

कैबिनेट की आर्थिक मामलों की समिति ने नॉर्थ और साउथ ब्लॉक परिसर में युगे युगीन भारत संग्रहालय बनाने को भी मंजूरी दी है। इस परियोजना पर 3,230 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके तहत नई दिल्ली स्थित दोनों परिसरों को संग्रहालय के रूप में विकसित किया जाएगा। यह राजधानी के सांस्कृतिक ढांचे को मजबूत करने और देश की विरासत को सामने लाने की दिशा में अहम कदम होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here