चोरों के नेटवर्क पर STF का शिकंजा, थार से फॉर्च्यूनर तक चार लग्जरी गाड़ियां बरामद

0
6

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में लग्जरी गाड़ियों की चोरी कर उन्हें दूसरे राज्यों में खपाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह पर रोहिणी जिले की विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने जोरदार प्रहार किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चार चोरी की गाड़ियां बरामद की हैं। बरामद वाहनों में महिंद्रा थार, टोयोटा फॉर्च्यूनर, किया सेल्टोस और स्कॉर्पियो-एन जैसी महंगी गाड़ियां शामिल हैं। इसके अलावा एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी से पांच आपराधिक मामलों का खुलासा हुआ है। अब पुलिस गिरोह के बाकी सदस्यों और चोरी की गाड़ियों को ठिकाने लगाने वाले नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी है।

चोरी की थार के साथ पकड़ा गया आरोपी, तलाशी में निकली पिस्तौल

रोहिणी जिला डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि जिले में वाहन चोरी झपटमारी और अन्य आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही थी। इसी दौरान 23 सितंबर 2026 को विशेष स्टाफ की टीम को सूचना मिली कि अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह का सक्रिय सदस्य राज कुमार उर्फ राजू चोरी की गाड़ी को ठिकाने लगाने के लिए रोहिणी के सेक्टर-8 स्थित आरजी प्लाजा परिसर में आने वाला है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में जाल बिछाया। कुछ ही देर बाद आरोपी महिंद्रा थार में वहां पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे दबोच लिया। वाहन की जांच में पता चला कि थार दिल्ली के नांगलोई थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। इसके बाद 24 सितंबर 2026 को उत्तर रोहिणी थाने में शस्त्र अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी संख्या 403/2026 दर्ज की गई।

पूछताछ में खुलने लगी चोरी की गाड़ियों के कारोबार की परतें

पुलिस की पूछताछ में कथित तौर पर खुलासा हुआ कि चोरी की गाड़ियां अलग-अलग खरीदारों तक पहुंचाई जाती थीं। गिरोह के कुछ लोग वाहनों को ठिकाने लगाने के लिए जाली दस्तावेज तैयार कराने में भी मदद करते थे। राज कुमार उर्फ राजू की निशानदेही पर दिल्ली के तिलक नगर थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक किया सेल्टोस बरामद की गई। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने गिरोह के दूसरे आरोपी गौरव को भी गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर एक टोयोटा फॉर्च्यूनर और एक स्कॉर्पियो-एन बरामद की गई। सत्यापन में दोनों वाहन हरियाणा के अंबाला क्षेत्र से चोरी के पाए गए। इस तरह पुलिस ने चार चोरी की गाड़ियों को बरामद कर अंतरराज्यीय वाहन चोरी के नेटवर्क के संबंध में अहम सुराग जुटाए हैं।

हरियाणा से दिल्ली तक फैले नेटवर्क की जांच तेज

गिरफ्तार आरोपियों में राज कुमार उर्फ राजू हरियाणा के यमुनानगर का निवासी है और उसके खिलाफ पहले से दो आपराधिक मामलों में संलिप्तता की जानकारी सामने आई है। दूसरा आरोपी गौरव 24 वर्ष का है और हरियाणा के रोहतक का रहने वाला है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि चोरी की गाड़ियों को किन लोगों तक पहुंचाया जाता था जाली दस्तावेज तैयार कराने में कौन-कौन शामिल था और गिरोह के तार किन अन्य राज्यों से जुड़े हुए हैं। फरार सदस्यों की गिरफ्तारी तथा अन्य चोरी के वाहनों की बरामदगी के लिए आगे की जांच जारी है।

पुलिस टीम की कार्रवाई

यह कार्रवाई रोहिणी जिले के पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल के नेतृत्व में की गई। विशेष कार्यबल रोहिणी के निरीक्षक अमित दहिया के नेतृत्व वाली टीम ने सहायक पुलिस आयुक्त अमन विहार अजय वेदवाल की निगरानी में कार्रवाई को अंजाम दिया। प्रारंभिक सूचना जुटाने और आरोपी को पकड़ने में विशेष स्टाफ की टीम के उपनिरीक्षक अशोक, हेड कांस्टेबल आजाद खत्री, ललित मोहन, पवन और योगेश दहिया तथा कांस्टेबल सचिन और सुमित की भूमिका रही। पुलिस अब गिरोह के बाकी सदस्यों तक पहुंचने के लिए जांच का दायरा बढ़ा रही है।

Reported by: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here