दीपावली की खुशियों पर खूनी वार, सुंदर नगरी में 19 वर्षीय शिवम की चाकुओं से गोदकर हत्या

0
12

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के उत्तर-पूर्वी जिले में दीपावली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब सुंदर नगरी इलाके में महज 19 वर्षीय युवक की चाकुओं से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। जिस घर में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब चीख-पुकार और आंसुओं का सैलाब है। नए कपड़े खरीदने की चाहत लेकर घर से निकला शिवम वापस नहीं लौटा। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है।

शान बाजार जाते समय हमला

जानकारी के अनुसार घटना थाना नंद नगरी क्षेत्र के सुंदर नगरी की है। बीती रात करीब 10 बजे 19 वर्षीय शिवम दीपावली के लिए कपड़े खरीदने शान बाजार जा रहा था। इसी दौरान जब वह खड्डी वाली डिस्पेंसरी के सामने पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद करीब पांच युवकों ने उसे घेर लिया। इससे पहले कि शिवम कुछ समझ पाता, हमलावरों ने उस पर चाकूओं से ताबड़तोड़ वार कर दिए।

घटनास्थल पर पुलिस और एफएसएल की टीम 

अचानक हुए इस हमले में शिवम गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए एफएसएल की अपराध जांच टीम को भी बुलाया गया जिसने जरूरी साक्ष्य जुटाए। हालांकि हमले में शिवम की जान नहीं बच सकी। युवा बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं वारदात के बाद सुंदर नगरी में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

हमलावरों की पहचान और जांच जारी 

फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। हत्या के पीछे की वजह आपसी रंजिश या अन्य विवाद था इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। सवाल यही है कि त्योहार की खुशियों के बीच आखिर किसने एक मां की गोद सूनी कर दी?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here