रोबोट के हाथों दिमाग की सर्जरी, एआईएमएस में चिकित्सा विज्ञान का नया अध्याय; डीप ब्रेन स्टिमुलेशन तकनीक का लाइव प्रदर्शन

0
14

नई दिल्ली: चिकित्सा विज्ञान की दुनिया में तकनीक और विशेषज्ञता का ऐसा संगम देखने को मिला, जहां रोबोट की सटीकता और डॉक्टरों के अनुभव ने दिमाग की जटिल सर्जरी को नई दिशा देने का संदेश दिया। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) नई दिल्ली में मूवमेंट डिसऑर्डर के आधुनिक उपचार को लेकर चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। 25 से 28 नवंबर 2026 तक आयोजित इस कार्यशाला में डीप ब्रेन स्टिमुलेशन (डीबीएस) सर्जरी का सजीव प्रदर्शन, वैज्ञानिक व्याख्यान, मरीजों के जटिल मामलों पर चर्चा और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

रोबोटिक सर्जरी का सजीव प्रदर्शन

विश्व मूवमेंट डिसऑर्डर दिवस के उपलक्ष्य में एम्स के न्यूरोलॉजी और न्यूरोसर्जरी विभाग ने संयुक्त रूप से इस विशेष कार्यशाला का आयोजन किया। पहले दिन 25 नवंबर को रोबोट की सहायता से डीबीएस सर्जरी का सजीव प्रदर्शन किया गया। न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. शरत चंद्र और इजराइल से आए प्रो. इडो स्ट्रॉस ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन किया। इस दौरान प्रो. दत्तराज सावारकर, प्रो. रमेश डोडामणि और प्रो. सतीश वर्मा सहित विशेषज्ञों की टीम मौजूद रही।

दिमाग की गहराई तक तकनीक की नजर

सर्जरी के दौरान माइक्रोइलेक्ट्रोड रिकॉर्डिंग तकनीक से मस्तिष्क के गहरे हिस्सों में तंत्रिका कोशिकाओं की गतिविधियों का अध्ययन किया गया। तेल अवीव विश्वविद्यालय की डॉ. जेनेला मॉरिस ने इस तकनीक के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित विश्लेषण की जानकारी दी। इससे सर्जरी के दौरान सही लक्ष्य निर्धारित करने में मदद मिलती है।

विदेशी विशेषज्ञों ने साझा किया अनुभव

26 से 28 नवंबर तक वैज्ञानिक सत्रों में जर्मनी के प्रो. जेन्स वोल्कमैन और कनाडा के प्रो. रेनाटो मुनहोज ने पार्किंसन रोग और डिस्टोनिया के उपचार में डीबीएस की भूमिका, मरीजों के चयन, इलेक्ट्रोड की स्थिति, प्रोग्रामिंग और लंबे समय तक मिलने वाले परिणामों पर व्याख्यान दिए। तीन सप्ताह पहले डीबीएस इलेक्ट्रोड लगवाने वाले एक मरीज की पहली बार अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने प्रोग्रामिंग भी की।

100 से अधिक प्रतिभागियों को मिला प्रशिक्षण

कार्यशाला में 180 से अधिक पंजीकरण हुए। वहीं बोटुलिनम टॉक्सिन प्रशिक्षण में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और 40 मरीजों के मामलों के माध्यम से इंजेक्शन तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यक्रम का उद्घाटन न्यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. मंजरी त्रिपाठी ने किया। आयोजन में दोनों विभागों की विशेषज्ञ टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

 

Reported By: Pankaj Rai 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here