ई-रिक्शा चार्जिंग बोर्ड में भड़की आग, चार जिंदगियां राख; विश्वास नगर में तड़के भीषण अग्निकांड से मचा हड़कंप, छह लोग झुलसे, चार की मौत

0
1

नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के विश्वास नगर में रविवार तड़के आग ने ऐसा तांडव मचाया कि देखते ही देखते चार लोगों की जिंदगी खत्म हो गई। ई-रिक्शा चार्जिंग के लिए लगाए गए बिजली के बोर्ड में लगी आग ने पूरे भूतल को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि ऊपरी मंजिल पर सो रहे छह लोग इसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।

तड़के 4:18 बजे मची चीख-पुकार

जानकारी के मुताबिक 29 नवंबर को सुबह करीब 4:18 बजे विश्वास नगर की गली नंबर 11 स्थित मकान संख्या 39/62 बी में आग लगने की सूचना मिली। शुरुआती जानकारी के अनुसार, परिसर में ई-रिक्शा चार्ज करने के लिए लगाए गए बिजली के बोर्ड में आग लगी, जिसने देखते ही देखते पूरे भूतल को अपनी चपेट में ले लिया। वहां खड़े चार ई-रिक्शा भी पूरी तरह जलकर राख हो गए।

ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे छह लोग

हादसे के वक्त मकान की ऊपरी मंजिल के खुले हिस्से में छह पुरुष सो रहे थे। आग और धुएं के बीच वे बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने आपातकालीन सहायता तंत्र को सक्रिय किया और बचाव एवं राहत कार्य शुरू कराया। सभी छह लोगों को बाहर निकालकर डॉ. हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया गया। अंतिम घायल को सुबह करीब 4:55 बजे घटनास्थल से निकाला गया।

चार की मौत, दो की हालत गंभीर

अस्पताल में डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे दो लोगों को बेहतर उपचार के लिए जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया। मृतकों की पहचान महेंद्र (45-50 वर्ष), साधुराम (55-60 वर्ष), अशोक (50 वर्ष) और लालाराम (45-50 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं रामबीर (50 वर्ष) और ठाकुर दयाल (55 वर्ष) घायल हैं। सभी शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए हैं और मकान में किरायेदार के रूप में रह रहे थे।

मकान मालिक से होगी पूछताछ

पूर्वी जिला डीएम वडोदरिया करनजीत पी ने मकान मालिक नवीन सैनी को घटना से संबंधित आवश्यक जानकारी देने के लिए बुलाया है। फर्श बाजार थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग लगने का वास्तविक कारण बिजली के उपकरणों की स्थिति और अन्य परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल किसी की लापरवाही को हादसे का कारण नहीं माना गया है। पूर्वी जिला प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई है।

 

Reported By: Pankaj Rai 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here