दिल्ली से बिहार तक दौड़ेगी विकास की रफ्तार, 18 रास्तों पर बसों का महाजाल

0
4

नई दिल्ली: त्योहारों पर घर जाने की जद्दोजहद अब होगी कम, बसों की बढ़ती संख्या से सफर होगा आसान! दिल्ली और बिहार के बीच सार्वजनिक परिवहन को नई रफ्तार देने के लिए दोनों राज्य सरकारों ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में शुक्रवार को 18 अंतरराज्यीय मार्गों पर परिवहन समझौता हुआ। इसके तहत दिल्ली से बिहार के विभिन्न शहरों के बीच नियमित बस सेवाएं संचालित होंगी। मुख्यमंत्री ने कश्मीरी गेट स्थित महाराणा प्रताप अंतरराज्यीय बस अड्डे से बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

20 लाख लोगों के सफर को मिलेगी राहत

दिल्ली में रहने और काम करने वाले लगभग 20 लाख कामगारों एवं श्रमिकों के लिए यह समझौता बड़ी सौगात माना जा रहा है। खासकर दीपावली, छठ और दशहरा जैसे त्योहारों पर घर जाने के लिए टिकट और बसों की मारामारी से जूझने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बिहार के लाखों लोग अपनी मेहनत से दिल्ली के विकास में योगदान देते हैं। सरकार का प्रयास है कि हर नागरिक को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलें।

18 मार्ग, 216 परमिट से मजबूत होगी कनेक्टिविटी

समझौते के तहत 18 मार्गों पर बस संचालन के लिए कुल 216 परमिट जारी किए गए हैं। प्रत्येक मार्ग पर दिल्ली और बिहार की ओर से 12-12 परमिट का कोटा निर्धारित किया गया है। पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, भागलपुर, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, बक्सर, नवादा, बिहारशरीफ और पूर्वी चंपारण समेत 13 शहरों एवं क्षेत्रों को दिल्ली से जोड़ा जाएगा।

मांग बढ़ी तो बसें भी बढ़ेंगी

दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि इस पहल से पूर्वांचल और बिहार के 15 से 20 लाख लोगों को लाभ मिलेगा। यात्रियों की मांग के अनुसार बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने भी दिल्ली सरकार का आभार जताया।बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने 75 गैर वातानुकूलित और 74 वातानुकूलित बसें खरीदी हैं। इसके अलावा सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल पर 150 बसें चलाने की योजना है।

नोएडा से आगरा, लखनऊ और वाराणसी तक जुड़ेंगे रास्ते

इन बसों के प्रमुख पड़ावों में नोएडा, आगरा, मथुरा, लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज और मुरादाबाद जैसे शहर शामिल हैं। इससे यात्रियों को रास्ते में भी बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी। साफ है कि यह समझौता महज बसों के संचालन तक सीमित नहीं, बल्कि दिल्ली और बिहार के बीच रिश्तों को नई मजबूती देने की पहल है।

 

Reported By: Pankaj Rai 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here