गोलियों की गूंज से दहला पितमपुरा, रोहित गोदारा गैंग के तीन शूटर क्राइम ब्रांच के शिकंजे में

0
7

नई दिल्ली: विदेश में बैठकर दिल्ली-एनसीआर में अपराध का नेटवर्क चला रहे गैंगस्टर रोहित गोदारा की उगाही की साजिश पर दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बड़ा प्रहार किया है। पितमपुरा में कारोबारी साहिल जैन उर्फ गूगल के घर पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर दहशत फैलाने वाले गिरोह के तीन कथित शूटरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान निखिल कुमार (24), शुभम (23) और मोक्ष (24) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो .32 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक देसी कट्टा, 12 जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।

500 किलोमीटर पीछा, रोहिणी में बिछाया गिरफ्तारी का जाल

पुलिस के मुताबिक 28 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब पांच बजे दो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने पितमपुरा निवासी कारोबारी साहिल जैन के घर के बाहर फायरिंग की थी। हमलावरों ने उनकी कार को भी निशाना बनाया। मामले में थाना सुभाष प्लेस में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। जांच में रोहित गोदारा गिरोह का उगाही कनेक्शन सामने आने के बाद मामला क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया।

एआरएससी की विशेष टीम ने लगातार पीछा करते हुए 500 किलोमीटर से अधिक दूरी तक आरोपियों की तलाश की। आखिरकार रोहिणी में उस समय तीनों को दबोच लिया, जब वे कथित तौर पर एक और संगीन वारदात को अंजाम देने दिल्ली पहुंचे थे।

50 हजार रुपये का लालच, विदेश से मिल रहा था नेटवर्क का सहारा

जांच में सामने आया कि मोक्ष गिरोह में युवाओं की भर्ती और स्थानीय स्तर पर लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराने का काम करता था। वह विदेश में बैठे रोहित गोदारा के करीबी विवेक के संपर्क में था। मोक्ष ने निखिल को 50 हजार रुपये और आलीशान जिंदगी का लालच देकर गिरोह से जोड़ा। आरोप है कि निखिल ने फरार आरोपी प्रदीप के साथ मिलकर कारोबारी के घर पर फायरिंग की। शुभम भी निखिल के जरिए गिरोह की उगाही साजिश से जुड़ा।

इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका

कार्रवाई एआरएससी, क्राइम ब्रांच की टीम ने इंस्पेक्टर मान सिंह और इंस्पेक्टर सुंदर गौतम के नेतृत्व में की। टीम को एसीपी विवेकानंद पाठक का पर्यवेक्षण मिला, जबकि पूरे अभियान की निगरानी डीसीपी क्राइम-1 संजीव कुमार यादव ने की। दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त (अपराध) एचजीएस धालीवाल ने कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस अब गिरोह के फरार सदस्यों, हथियारों के स्रोत और विदेश में बैठे संचालकों से जुड़े संपर्कों की जांच कर रही है।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here