कृष्ण भक्तों पर ट्रोलिंग से नाराज बाबा बागेश्वर, बोले- बिहारी जी से हमारा रिश्ता कोई नहीं तोड़ सकता

0
9

नई दिल्ली: भगवान श्रीकृष्ण पर की गई टिप्पणी को लेकर चल रहे विवाद के बीच बाबा बागेश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अब ट्रोल करने वालों को करारा जवाब दिया है। वृंदावन पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वह ठाकुर बांके बिहारी के भक्त हैं, उन्हीं की कथा कहते हैं और सनातन के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा, “हम बिहारी जी के ही हैं। हम उनकी पूजा करते हैं, उनकी कथा कहते हैं। हम श्रीजी के दर्शन करते रहते हैं और जीवनभर करते रहेंगे।”

ट्रोलर्स से पूछा- जमीन पर कब उतरोगे?

धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल किया जा रहा है। लेकिन जो लोग कुछ दिन के लिए कृष्ण भक्त बन गए थे, वो अब वृंदावन में कहीं नजर नहीं आ रहे।उन्होंने ट्रोलर्स से कहा कि बाबा बागेश्वर का विरोध बहुत कर लिया, पोस्ट भी बहुत डाल दीं, अब मैदान में कब उतरोगे? बांके बिहारी के लिए कब आओगे? वृंदावन कब आओगे? मथुरा के कलंक को मिटाने के लिए कब आगे आओगे? उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में वह ब्रजवास भी लेंगे।

हिंदू एकता पर दिया जोर

बाबा बागेश्वर ने कहा कि वह हिंदुओं के लिए जीते थे और हिंदुओं के लिए ही जिएंगे। हिंदुत्व और हिंदुस्तान के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि चाहे जो परिणाम हो, वह हिंदुओं को बंटने नहीं देंगे, मिटने नहीं देंगे। हिंदू एकता करके ही रहेंगे। कुछ दिन पहले एक कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए श्रीकृष्ण के टेढ़े होने और बांसुरी बजाने को लेकर टिप्पणी की थी।

इस पर ब्रज के संतों, कृष्ण भक्तों और यादव समाज ने नाराजगी जताई थी। विवाद बढ़ने पर धीरेंद्र शास्त्री ने सफाई दी थी और माफी भी मांगी थी। उन्होंने कहा था कि उनका मकसद भगवान कृष्ण का अपमान करना नहीं था।

इसके बाद मामला सियासी भी हो गया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बयान पर नाराजगी जताई और कार्यक्रम रद्द करने की मांग की। सोशल मीडिया पर रामभक्तों और कृष्णभक्तों के बीच बहस छिड़ गई। बाद में धीरेंद्र शास्त्री प्रतापगढ़ के कुंडा में राजा भैया के बेंती राजभवन में रामकथा करने पहुंचे। वहां भी सियासी बयानबाजी हुई। अखिलेश के सवाल पर उन्होंने कहा था कि राम और श्याम एक ही हैं।

वृंदावन में दो कार्यक्रमों में हुए शामिल

वृंदावन में धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि ब्रज में उनका आना-जाना लगा रहता है। यहां एक तरफ संतों और ब्रजवासियों की बैठक थी, तो दूसरी तरफ गौरी गोपाल में बेटियों का कन्या विवाह उत्सव हो रहा था। उन्होंने कहा कि वह ठाकुर बांके बिहारी जी के दर्शन करेंगे और ट्रोल करने वालों की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना करेंगे।

बीजेपी के प्रचार वाले सवाल पर क्या कहा?

जब मीडिया ने पूछा कि क्या वह 2027 में बीजेपी का प्रचार कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि वह साधु हैं, राजनीति से उनका कोई सरोकार नहीं है। वह किसी पार्टी का नहीं, हनुमान जी का, सनातन का और हिंदुत्व के विचार का प्रचार कर रहे हैं। देश की सभी पार्टियों में हिंदू हैं, इसलिए वह सबका प्रचार कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here