दिल्ली में सस्ती होगी शराब, 15% तक घटेंगे प्रीमियम स्कॉच के दाम, सरकार की बड़ी तैयारी

0
6

नई दिल्ली: अगर आप दिल्ली में रहते हैं और महंगी शराब पीने के शौकीन हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। राजधानी में प्रीमियम स्कॉच व्हिस्की के दाम जल्द ही कम हो सकते हैं। दिल्ली का आबकारी विभाग भारत-ब्रिटेन ट्रेड डील के बाद घटी कस्टम ड्यूटी का असर देख रहा है। विभाग की समीक्षा के बाद कुछ चुनिंदा ब्रांड्स की कीमतों में 10 से 15 फीसदी तक की कमी आ सकती है।

10 अक्टूबर के बाद सामने आ सकते है नए रेट 

आबकारी विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, भारत और ब्रिटेन के बीच हुए कॉम्प्रिहेंसिव इकोनॉमिक एंड ट्रेड एग्रीमेंट (CETA) के तहत ब्रिटिश व्हिस्की और जिन पर लगने वाली कस्टम ड्यूटी को 150 फीसदी से घटाकर 75 फीसदी कर दिया गया है। आने वाले सालों में इसे धीरे-धीरे घटाकर 40 फीसदी तक लाने का प्लान है। इसी का फायदा अब दिल्ली में शराब की कीमतों पर दिख सकता है। अधिकारियों का कहना है कि 10 अक्टूबर के बाद कुछ ब्रांड्स के नए रेट सामने आ सकते हैं।

कस्टम ड्यूटी आधी होने से क्या सीधे आधी होगी कीमत?

हालांकि कस्टम ड्यूटी 50 फीसदी घटी है, इसका मतलब यह नहीं कि बोतल की कीमत भी आधी हो जाएगी। शराब की फाइनल कीमत में सिर्फ इंपोर्ट ड्यूटी ही नहीं, बल्कि राज्य की एक्साइज ड्यूटी, वैट, रिटेलर का मार्जिन और दूसरी लागत भी जुड़ी होती है। इसलिए दाम में 10 से 15 फीसदी की ही कमी का अनुमान लगाया जा रहा है।

हर बोतल पर नहीं मिलेगा डिस्काउंट

सबसे अहम बात यह है कि यह राहत हर ब्रांड पर लागू नहीं होगी। CETA के तहत कम ड्यूटी का फायदा सिर्फ उन्हीं प्रोडक्ट को मिलेगा जो असल में ब्रिटेन में बने हों और मूल देश के नियमों को पूरा करते हों। सिर्फ ब्रिटिश नाम वाले इंटरनेशनल ब्रांड होने से ही सस्ती ड्यूटी नहीं मिलेगी। कई ब्रांड ऐसे हैं जिनकी बॉटलिंग या मैन्युफैक्चरिंग भारत में ही होती है, जबकि कुछ पूरी तरह से तैयार होकर इंपोर्ट होते हैं। ऐसे में हर ब्रांड पर असर अलग-अलग होगा। विभाग ब्रांड-दर-ब्रांड समीक्षा कर रहा है।

एक्साइज ड्यूटी बढ़ी तो फायदा हो सकता है कम           

एक तरफ जहां कस्टम ड्यूटी घटने से दाम कम होने की उम्मीद है, वहीं दिल्ली सरकार एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने पर भी विचार कर रही है। अभी तक इस पर कोई फैसला नहीं हुआ है और न ही नई बढ़ोतरी लागू की गई है। लेकिन अगर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई जाती है, तो इंपोर्ट ड्यूटी घटने से जो फायदा मिल रहा है, वह काफी हद तक खत्म हो सकता है। फिलहाल आबकारी विभाग ने सभी प्रीमियम स्कॉच ब्रांड्स पर एक साथ कीमत घटाने का कोई ऐलान नहीं किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here