नई दिल्ली: दिल्ली-NCR में रहने वालों के लिए बुरी खबर है। मदर डेयरी ने दूध के दाम बढ़ा दिए हैं। कई तरह के दूध पर 2 से 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। सामने आई जानकारी के अनुसार, नई कीमतें गुरुवार, 12 नवंबर से लागू की जाएंगी। दिल्ली-NCR में थोक में मिलने वाला टोंड दूध अब 2 रुपये महंगा होकर 60 रुपये प्रति लीटर हो गया है। वहीं पाउच वाला टोंड दूध 60 रुपये से बढ़कर 62 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा।
फुल क्रीम दूध के दाम में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। पाउच वाला फुल क्रीम दूध 72 रुपये से बढ़कर 76 रुपये प्रति लीटर हो गया है। डबल टोंड दूध 54 रुपये की जगह अब 56 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। गाय का दूध भी 62 रुपये से बढ़कर 65 रुपये प्रति लीटर हो गया है।
क्यों बढ़े दाम?
कंपनी का कहना है कि किसानों से दूध खरीदने की लागत बढ़ गई है। इसी वजह से इसका कुछ बोझ अब ग्राहकों पर डाला जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, मदर डेयरी ने प्रोक्योरमेंट कॉस्ट में हुई बढ़ोतरी का कुछ हिस्सा ही कंज्यूमर पर डाला है। हालांकि कंपनी के प्रवक्ता ने इस पर कुछ भी बोलने से मना कर दिया। बता दें, मदर डेयरी ने इससे पहले 14 मई 2026 को दूध के दाम बढ़ाए थे। उससे पहले अप्रैल 2025 में रेट बदले थे।
घर का बजट बिगड़ेगा
इस बढ़ोतरी का सीधा असर घर के खर्च पर पड़ेगा, खासकर उन परिवारों पर जो रोज दूध खरीदते हैं। PTI के मुताबिक, मदर डेयरी अपनी दूध की बिक्री से होने वाली कमाई का करीब 75 से 80 फीसदी हिस्सा किसानों को देती है। कंपनी दिल्ली-NCR में अपने आउटलेट, जनरल ट्रेड और ई-कॉमर्स के जरिए हर दिन करीब 35 लाख लीटर दूध बेचती है। कुल मिलाकर उसकी रोजाना दूध बिक्री 50 लाख लीटर से ज्यादा है।
महंगाई पहले से ही बढ़ी हुई
दूध के दाम ऐसे समय बढ़े हैं जब खाने-पीने की चीजें पहले से ही महंगी हो रही हैं। नेशनल स्टैटिस्टिक्स ऑफिस के मुताबिक, खाने की महंगाई अगस्त में 5.97% थी, जो सितंबर में बढ़कर 7.74% हो गई। प्याज और दूसरी चीजों के महंगा होने से सितंबर में रिटेल महंगाई भी बढ़कर 5.54% हो गई, जबकि अगस्त में ये 4.83% थी। ऐसे में दूध महंगा होने से घर के खाने का बजट और बिगड़ सकता है।
कंपनी का टर्नओवर बढ़ा
मदर डेयरी ने बताया कि पिछले फाइनेंशियल ईयर में उसका टर्नओवर 17% बढ़कर 20,300 करोड़ रुपये हो गया है। दूध प्रोडक्ट्स और कुकिंग ऑयल की अच्छी डिमांड से कंपनी को फायदा हुआ। 1974 में शुरू हुई ये कंपनी नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड की सब्सिडियरी है। ये मदर डेयरी ब्रांड के तहत दूध और डेयरी प्रोडक्ट्स, धारा के तहत खाने के तेल और सफल के तहत फल-सब्जियां बेचती है। कंपनी के 9 मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट और 4 हॉर्टिकल्चर प्लांट हैं।












