नई दिल्ली: कानून के शिकंजे से बचने के लिए देश की सरहद पार कर विदेश में छिपना अब अपराधियों के लिए आसान नहीं रहा। हत्या के एक मामले में वांछित आरोपी राघेश उन्नीकोचन को आखिरकार भारतीय एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर घेरकर यूएई से भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है। सीबीआई के समन्वय से 18 नवंबर 2026 को उसे भारत प्रत्यर्पित करने के बजाय विधिक प्रक्रिया के तहत निर्वासित कर वापस लाया गया।
फरार आरोपी के खिलाफ आरोपपत्र और वारंट
केरल पुलिस द्वारा दर्ज हत्या के मामले में आरोपी राघेश लंबे समय से फरार चल रहा था। जांच के दौरान वह कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए विदेश भाग गया था। उसके खिलाफ सक्षम न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका था और अदालत ने उसकी गिरफ्तारी के लिए खुली अवधि का वारंट भी जारी किया था।
इंटरपोल रेड नोटिस और यूएई में गिरफ्तारी
आरोपी की तलाश में केरल पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई के नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो ने इंटरपोल के माध्यम से उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी लोकेशन का पता लगाया गया। यूएई की सुरक्षा एजेंसियों ने उसे चिन्हित कर गिरफ्तार किया और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद भारत भेजने की अनुमति दी।
एजेंसियों के तालमेल से आरोपी भारत पहुंचा
इस पूरी कार्रवाई में केंद्रीय जांच ब्यूरो, विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और केरल पुलिस के बीच बेहतर तालमेल देखने को मिला। केरल पुलिस की एस्कॉर्ट टीम यूएई पहुंची, जहां आरोपी को भारतीय टीम के हवाले किया गया। इसके बाद टीम उसे लेकर 18 नवंबर को तिरुवनंतपुरम पहुंची।
281 से अधिक भगोड़ों की भारत वापसी
सीबीआई भारत में इंटरपोल की राष्ट्रीय केंद्रीय एजेंसी के रूप में भारतपोल के जरिए देशभर की कानून प्रवर्तन एजेंसियों को अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग उपलब्ध कराती है। वर्ष 2019 से अब तक 281 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया जा चुका है। इनमें वर्ष 2026 के दौरान ही 73 भगोड़े शामिल हैं।
Reported By: Pankaj Rai











