नकली ईनो-फेविक्विक का काला कारोबार बेनकाब, क्राइम ब्रांच का बड़ा प्रहार

0
7

नई दिल्ली: देशभर के बाजारों में नामी कंपनियों के ब्रांड के सहारे नकली सामान खपाने वाले गिरोह पर दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने जोरदार प्रहार किया है। एंटी रॉबरी एंड स्नैचिंग सेल (एआरएससी) की टीम ने घोंडा और नांगलोई के अमनपुरी इलाके में छापेमारी कर नकली ईनो और फेविक्विक बनाने तथा पैकिंग करने के कथित कारोबार का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में नवीन सिंघल (51) और बलराज बंसल (45) को गिरफ्तार किया गया है।

दो गोदाम और फैक्ट्री पर एक साथ कार्रवाई

क्राइम ब्रांच डीसीपी संजीव कुमार यादव ने बताया कि घोंडा स्थित दो गोदामों तथा नांगलोई की एक अवैध पैकेजिंग इकाई की तलाशी ली गई। निरीक्षक रॉबिन त्यागी के नेतृत्व में और सहायक पुलिस आयुक्त विवेकानंद पाठक की निगरानी में टीम ने नामी ब्रांडों के नाम पर तैयार किए जा रहे संदिग्ध उत्पादों का बड़ा जखीरा बरामद किया।

लाखों पाउच, कच्चा माल और मशीन जब्त

पुलिस के अनुसार छापेमारी में नकली ईनो के 1,97,856 पैक किए हुए पाउच बरामद हुए। इसके अलावा 310 किलोग्राम से अधिक वजन वाले खुले भरे पाउच मिले जिनकी संख्या करीब चार लाख बताई गई है। लगभग 200 किलोग्राम साइट्रिक एसिड सहित कच्चा माल, तीन लाख से अधिक ईनो स्टिकर और करीब 100 किलोग्राम पैकिंग रोल भी जब्त किए गए।

कार्रवाई में पिडिलाइट के नाम से पैक किए गए 1,12,560 संदिग्ध फेविक्विक पाउच दो लाख से अधिक इकाइयों की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री तथा एमडीएच मसालों के पैकिंग बॉक्स भी मिले। मौके से एक चालू विद्युत फॉर्म फिल एंड सील मशीन और सीलिंग उपकरण बरामद किए गए।

पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक नवीन सिंघल पर नकली सामान की देशभर में आपूर्ति करने और बलराज बंसल पर उसके लिए निर्माण व पैकिंग करने का आरोप है। दोनों की पूर्व में इसी तरह के मामलों में संलिप्तता भी सामने आने की बात कही गई है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4), 274, 275 और 61(2) तथा कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर कच्चे माल के स्रोत वितरकों और पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here