सरकारी नौकरी और प्रेमी से शादी की चाह में पति का कत्ल, लूट की झूठी कहानी रचने वाली पत्नी गिरफ्तार

0
7

नई दिल्ली: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) कर्मी मंगलेश पाल हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात को किसी और ने नहीं बल्कि मृतक की पत्नी सोनाली कुमारी उर्फ नीतू ने ही अंजाम दिलवाया था। पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी कौशिक कुमार नौनिया को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल दाउली, चाकू और खून लगे कपड़े समेत कई अहम सबूत बरामद किए गए हैं।

लूट की मनगढ़ंत कहानी बनाकर पुलिस को किया गुमराह

घटना 18 अक्टूबर की सुबह करीब 5:30 बजे की है। ग्रामीणों ने गिद्दी थाना पुलिस को सूचना दी कि मेन गेट गिद्दी ए स्थित CCL कर्मी मंगलेश पाल के घर में लूट के दौरान अपराधियों ने उनकी हत्या कर दी है और पत्नी के हाथ-पैर बांध दिए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी हजारीबाग के निर्देश पर एसडीपीओ बड़कागांव अमित आनंद के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया। टीम ने FSL, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पत्नी के बयानों पर शक हुआ। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जब सोनाली से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने सारा सच उगल दिया। पूछताछ में सोनाली ने बताया कि उसने अपने प्रेमी कौशिक और एक नाबालिग के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए घर में लगा खून साफ किया गया और खुद के हाथ-पैर और मुंह बांधकर लूट की झूठी कहानी बनाई गई ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।

नौकरी पाने के लिए की हत्या

पुलिस जांच में सामने आया है कि सोनाली अपने पति की CCL की नौकरी पाना चाहती थी और प्रेमी से शादी करना चाहती थी। इसी वजह से उसने पति को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। बताया जा रहा है कि प्रेमी कौशिक मृतका का ममेरा भाई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से खून से सना दाउली-चाकू, खून लगा पोछा, जले हुए मोबाइल के अवशेष और वारदात के वक्त पहने गए खून लगे कपड़े और चप्पल बरामद की हैं।

इस मामले में मृतक की बहन की शिकायत पर गिद्दी थाने में कांड संख्या 35/2026 के तहत BNS की धारा 103(1), 61(2), 238 और 3(5) में केस दर्ज किया गया है। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here