त्योहारों की खरीदारी से संवरेंगे कारोबार, दिल्ली के व्यापारियों के साथ खड़ी हो भाजपा: खंडेलवाल

0
10

नई दिल्ली: राजधानी में धरने-प्रदर्शनों रैलियों और यातायात व्यवधानों से प्रभावित व्यापारिक गतिविधियों को सहारा देने के लिए चांदनी चौक के सांसद एवं कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ताओं से स्थानीय बाजारों में खरीदारी करने की अपील की है। उन्होंने दावा किया कि इन व्यवधानों के कारण दिल्ली के व्यापार को अब तक 4,000 करोड़ से अधिक का नुकसान होने का प्रारंभिक अनुमान है।

त्योहारों के मौसम में व्यापारियों पर असर और रैली को लेकर चिंता

खंडेलवाल ने कहा कि त्योहारों का मौसम व्यापारियों के लिए कमाई का सबसे महत्वपूर्ण अवसर होता है। ऐसे में बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होने से दुकानदारों के साथ रेहड़ी-पटरी संचालकों, फेरीवालों, दिहाड़ी मजदूरों माल ढुलाई कर्मियों और छोटे कारोबारियों की आजीविका पर भी असर पड़ता है।उन्होंने एक नवंबर को कांग्रेस की प्रस्तावित रैली को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि राजनीतिक कार्यक्रमों के साथ आम जनता की सुविधा और व्यापारियों की रोजी-रोटी का ध्यान रखना भी जरूरी है।

भाजपा कार्यकर्ताओं से स्थानीय खरीदारी का आग्रह

खंडेलवाल ने दिल्ली भाजपा के सांसदों, विधायकों, पार्षदों, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं से कपड़े, मिठाई, उपहार तथा घरेलू सामान की खरीदारी स्थानीय बाजारों से करने का आग्रह किया। उन्होंने परिवारों, मित्रों और परिचितों को भी इस पहल से जोड़ने तथा छोटे दुकानदारों और स्थानीय कारीगरों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन इसकी वजह से आम लोगों की आवाजाही और कारोबार बाधित नहीं होना चाहिए। त्योहारों पर स्थानीय बाजारों से खरीदारी करना व्यापारियों का मनोबल बढ़ाने और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहारा देने का माध्यम बन सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here