नई दिल्ली: देश की रेल व्यवस्था को गति देने वाले लाखों रेलकर्मियों के लिए त्योहारों से पहले खुशियों की सौगात आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने रेलवे कर्मचारियों को 78 दिनों का उत्पादकता आधारित बोनस देने की मंजूरी प्रदान कर दी है। इस फैसले के तहत लगभग 11 लाख 40 हजार 770 रेलकर्मियों को कुल 2,009.61 करोड़ रुपये का भुगतान किया जाएगा। सरकार ने रेलवे कर्मचारियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को मान्यता देते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।
78 दिन के बोनस से खिलेगा कर्मचारियों के चेहरों पर मुस्कान
त्योहारी मौसम में बोनस का इंतजार कर रहे पात्र गैर-राजपत्रित रेल कर्मचारियों के लिए यह फैसला आर्थिक राहत लेकर आया है। स्वीकृत प्रावधान के अनुसार प्रत्येक पात्र कर्मचारी को 78 दिनों के वेतन के बराबर बोनस दिया जाएगा। इसकी अधिकतम सीमा 17,951 रुपये प्रति कर्मचारी निर्धारित की गई है। यह भुगतान रेलवे के विभिन्न विभागों में कार्यरत पात्र कर्मचारियों को किया जाएगा। सरकार की ओर से हर वर्ष दुर्गा पूजा और दशहरा के आसपास उत्पादकता आधारित बोनस देने की परंपरा रही है। इसका उद्देश्य कर्मचारियों के योगदान को सम्मान देना, उनका मनोबल बढ़ाना और रेलवे की कार्यक्षमता में निरंतर सुधार के लिए प्रोत्साहित करना है।
पटरियों से स्टेशनों तक काम करने वालों को मिलेगा लाभ
इस बोनस का लाभ पात्र ट्रैक अनुरक्षकों, रेल इंजन चालकों, ट्रेन प्रबंधकों यानी गार्ड, स्टेशन मास्टरों, पर्यवेक्षकों, तकनीशियनों, तकनीकी सहायकों, पॉइंट्समैन, मंत्रालयी कर्मचारियों तथा अन्य समूह ‘सी’ कर्मचारियों को मिलेगा। ये कर्मचारी रेल संचालन, यात्रियों की सुरक्षा, माल ढुलाई और दैनिक परिचालन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
माल ढुलाई और यात्री परिवहन में रेलवे का शानदार प्रदर्शन
वित्त वर्ष 2025-26 में भारतीय रेलवे ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए माल ढुलाई का नया रिकॉर्ड बनाया। रेलवे ने इस दौरान 1,670 मिलियन टन माल का परिवहन किया, जबकि यात्रियों की संख्या लगभग 7.41 अरब रही। इस उपलब्धि को रेलवे कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और परिचालन क्षमता से जोड़कर देखा जा रहा है। सरकार का मानना है कि उत्पादकता आधारित बोनस कर्मचारियों को बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करेगा और देश की जीवनरेखा माने जाने वाले भारतीय रेलवे की सेवाओं को और मजबूत बनाने में योगदान देगा।
Reported by: Pankaj Rai











