कनॉट प्लेस में तिरंगे के साथ उतरेंगे अभिजीत दिपके, CJP संस्थापक ने लोगों से किया जुड़ने का आह्वान

0
11

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने 16 अक्टूबर को दिल्ली के कनॉट प्लेस में तिरंगा लहराने का ऐलान किया है। उन्होंने इसको लेकर एक वीडियो जारी कर देशभर के लोगों से इस कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। इसके साथ ही कहा है कि जो लोग दिल्ली नहीं पहुंच सकते, वे अपने-अपने शहरों में तिरंगा मार्च निकालें।

दिल्ली वालों से की ये अपील

वीडियो में दिपके ने कहा, “जैसा कि आप लोगों को पता है कि सौरभ और आशु को सिर्फ तिरंगा लहराने के लिए जेल में डाला गया है। मैं सभी देशभक्तों और तिरंगे से प्यार करने वाले लोगों से अपील करता हूं कि 16 अक्टूबर को शाम 5 बजे कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में तिरंगा लेकर पहुंचें। वहां हम अपना तिरंगा लहराएंगे और बताएंगे कि तिरंगा लहराना कोई अपराध नहीं है।”

‘मेरा तिरंगा मेरा गर्व’

इसके अलावा अभिजीत दिपके ने दिल्ली से बाहर रहने वाले समर्थकों के लिए भी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग राजधानी नहीं आ सकते, वे अपने शहरों में शाम के वक्त तिरंगा मार्च निकालें। उन्होंने कहा, “अपने शहरों में मार्च निकालकर इनको बता दें कि हमारा तिरंगा हमारा गर्व है और इसे लहराना कोई अपराध नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा कि इस ऐलान के बाद उन्हें भी जेल में डाला जा सकता है, लेकिन उन्हें इसकी परवाह नहीं है। उनका कहना था, “हो सकता है इसके बाद मुझे भी जेल में डाल दिया जाए, लेकिन मुझे इसकी चिंता नहीं है। मेरा तिरंगा मेरा गर्व है और मैं इसे लहराकर ही रहूंगा।”

क्या है पूरा मामला?

बता दें कि CJP के दो कार्यकर्ताओं आशुतोष रांका और सौरव दास को जंतर-मंतर पर गेट फांदकर तिरंगा फहराने के आरोप में गिरफ्तार कर पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि उन्होंने अनाधिकृत प्रवेश किया और शांति बनाए रखने के बांड का उल्लंघन किया। इससे पहले 10 अक्टूबर को चुनाव आयोग के बाहर प्रदर्शन को लेकर अभिजीत दिपके को भी हिरासत में लिया गया था। तिरंगा फहराने पर हुई इस कार्रवाई को लेकर ही अब 16 अक्टूबर के प्रदर्शन का ऐलान किया गया है, जिसे लेकर सियासत भी गरमा गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here