दिल्ली के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप, बच्चों की सुरक्षा के लिए तलाशी अभियान जारी

0
10

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। गुरुवार सुबह कई स्कूलों को ईमेल के जरिए बम धमकी भेजी गई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया। बता दें, धमकी भरा ईमेल मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दी गई।

वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड के साथ संबंधित स्कूलों में पहुंची है और पूरे परिसर की गहन तलाशी शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, एहतियात के तौर पर छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया गया और स्कूल के हर कोने की जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला है।

किसने भेजा ईमेल? 

पुलिस का कहना है कि धमकी भरे ईमेल के सोर्स का पता लगाने के लिए साइबर सेल जांच में जुट गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे किसकी साजिश है। बता दें कि यह मामला रोहिणी में मिली धमकी के ठीक दो दिन बाद सामने आया है। 12 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रोहिणी इलाके के दो बड़े स्कूलों – वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल और माउंट अबू पब्लिक स्कूल को भी इसी तरह बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।

स्कूलों में चलाया जा रहा सर्च ऑपरेशन  

उस दौरान भी दिल्ली अग्निशमन सेवा को कॉल मिली थी, जिसके बाद पुलिस और फायर विभाग की टीमों ने दोनों स्कूलों में सर्च ऑपरेशन चलाया था, लेकिन वहां भी कुछ संदिग्ध नहीं मिला था। लगातार मिल रही इन धमकियों ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी जरूरी सुरक्षा कदम उठाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपी को ट्रेस कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here