नई दिल्ली: महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के मोर्चे पर नॉर्थ-ईस्ट जिला पुलिस ने जागरूकता का बिगुल बजा दिया है। अपराधियों में कानून का खौफ और महिलाओं-बच्चों के मन में सुरक्षा का विश्वास पैदा करने के उद्देश्य से महिला एवं बाल सुरक्षा माह के तहत जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। स्कूलों से कॉलेजों तक बाजारों से मेट्रो स्टेशनों तक और गलियों से रिहायशी इलाकों तक पुलिस की टीमें पहुंचकर सुरक्षा का संदेश दे रही हैं। इस मुहिम का मकसद केवल अपराध रोकना नहीं, बल्कि समाज में सम्मान, आत्मविश्वास और जागरूकता की नई इबारत लिखना है।
निर्भीक: अब चुप्पी नहीं, आवाज बुलंद होगी
निर्भीक अभियान के तहत महिलाओं और छात्राओं को छेड़छाड़, पीछा करने और उत्पीड़न के खिलाफ बिना डरे शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्हें कानूनी अधिकारों के साथ 112, 1091 और 181 हेल्पलाइन तथा हिम्मत प्लस ऐप की जानकारी दी जा रही है।
नाजुक: बच्चों की सुरक्षा का मजबूत कवच
नाजुक अभियान में बच्चों और किशोरों को अच्छे-बुरे स्पर्श, व्यक्तिगत सुरक्षा, बाल अधिकार और इंटरनेट पर होने वाले खतरों से बचाव के तरीके समझाए जा रहे हैं। बच्चों को गलत व्यवहार की पहचान कर इसकी जानकारी भरोसेमंद व्यक्ति या पुलिस को देने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
सशक्ति: आत्मरक्षा से बढ़ेगा आत्मविश्वास
सशक्ति अभियान के तहत महिलाओं और छात्राओं को आत्मरक्षा के बुनियादी गुर सिखाए जा रहे हैं, ताकि मुश्किल हालात में वे घबराने के बजाय साहस और समझदारी से अपना बचाव कर सकें।
शिष्टाचार: बदसलूकी करने वालों को चेतावनी
बाजारों, पार्कों, शिक्षण संस्थानों और मेट्रो स्टेशनों पर शिष्टाचार अभियान चलाकर छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार के खिलाफ लोगों को जागरूक किया जा रहा है। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी जा रही है।
नशे के खिलाफ युवाओं को संदेश
नशा जागरूकता अभियान के जरिए युवाओं को मादक पदार्थों के दुष्परिणाम बताकर नशे से दूर रहने और तस्करी की सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
समाज के साथ पुलिस, सुरक्षा का संकल्प
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नॉर्थ-ईस्ट जिला डीसीपी राहुल अलवाल की निगरानी में थाना पुलिस, महिला सुरक्षा कर्मी, शिष्टाचार दल और सामुदायिक पुलिसिंग टीमें अभियान में जुटी हैं। डीसीपी का संदेश है कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। पुलिस, आरडब्ल्यूए, शिक्षकों, अभिभावकों और नागरिकों की भागीदारी से सुरक्षित समाज बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
Reported By: Pankaj Rai












