कोटला गांव में खून से लाल हुई गली, 14 साल के पवन की चाकू मारकर हत्या; स्कूल से लौटकर खेलने निकला मासूम लापता

0
3

पूर्वी दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर थाना क्षेत्र के कोटला गांव में दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले महज 14 वर्षीय छात्र पवन प्रेम चंद की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें और आंखों में भविष्य के सपने होते हैं, उस उम्र में पवन की जिंदगी को चाकू के वार से खत्म कर दिया गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्कूल से लौटा, मां से मांगी खेलने की इजाजत

जानकारी के मुताबिक पवन रोज की तरह स्कूल से घर लौटा था। कुछ देर घर पर रहने के बाद उसने अपनी मां से बाहर खेलने जाने की बात कही। मां को क्या पता था कि बेटे का घर से बाहर निकलना उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। बताया गया कि घर की गली के बाहर मौजूद कुछ लोगों ने पवन पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

शाम करीब सात बजे पुलिस को आरएस पब्लिक स्कूल के पास कोटला गांव में चाकूबाजी की पीसीआर कॉल मिली। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक घायल पवन को एलबीएस अस्पताल पहुंचाया जा चुका था। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दो आरोपी गिरफ्तार, हत्या की वजह की जांच

पांडव नगर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, वारदात में कथित रूप से शामिल दो आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब हत्या के पीछे की असली वजह, घटनाक्रम और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

जिस घर में कुछ देर पहले तक बच्चे की आवाज गूंज रही थी, वहां अब मातम पसरा है। परिजनों को यकीन नहीं हो रहा कि उनका लाडला अब इस दुनिया में नहीं रहा। महज 14 साल की उम्र में पवन की दर्दनाक मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर ऐसी कौन सी दुश्मनी थी, जिसने एक मासूम की जिंदगी छीन ली? पुलिस जांच के बाद ही हत्या की असली वजह सामने आ सकेगी।

 

Reported By: Pankaj Rai 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here