नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान हुई एक दर्दनाक घटना ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। शाहदरा जिले के विश्वास नगर में रविवार तड़के एक मकान में बने ई-रिक्शा चार्जिंग स्थल पर अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और मकान के निचले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। इस भयावह अग्निकांड में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तड़के चार बजे मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक 29 नवंबर 2026 की सुबह करीब 4:20 बजे थाना फर्श बाजार पुलिस को विश्वास नगर की गली नंबर-11 स्थित मकान संख्या 29/63ए में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक आग भारी तबाही मचा चुकी थी।
चार ई-रिक्शा जलकर खाक
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मकान के परिसर में ई-रिक्शा चार्ज करने के लिए लगाए गए बिजली के वितरण बोर्ड में आग लगी थी। इसके बाद आग ने पूरे भूतल को अपनी चपेट में ले लिया। वहां खड़े चार ई-रिक्शा पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग और धुएं का कहर इतना भयावह था कि ऊपरी खुले हिस्से में सो रहे छह लोग भी इसकी चपेट में आ गए।
चार की मौत, दो की हालत गंभीर
पुलिस के अनुसार सभी छह लोगों को झुलसी हालत में डॉ. हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चार को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को आगे के उपचार के लिए जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया है। मृतकों की पहचान महेंद्र, ठाकुर, अशोक और साधू के रूप में हुई है। सभी उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के रहने वाले बताए गए हैं।
विधायक ने उठाए चार्जिंग व्यवस्था पर सवाल
घटना की जानकारी मिलने पर विश्वास नगर के विधायक ओमप्रकाश शर्मा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग के नाम पर कनेक्शन लेकर कथित रूप से अवैध तरीके से ई-रिक्शा चार्ज किए जा रहे थे। उनके अनुसार, ओवरहीटिंग आग लगने की वजह हो सकती है। उन्होंने कहा कि यदि पास रखा गैस सिलेंडर भी आग की चपेट में आ जाता तो हादसा और भयावह हो सकता था।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, सभी मृतक और घायल मकान में किराये पर रह रहे थे। उनकी पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। फिलहाल पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
सवाल वही है—आखिर चार्जिंग की लापरवाही की कीमत चार जिंदगियों को क्यों चुकानी पड़ी?
iReported By: Pankaj Rai












