नई दिल्ली: आसियान शिखर सम्मेलन से मनीला से देर रात लौटने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह बिना देर किए मंत्रिपरिषद की अहम बैठक की कमान संभाली। भारत मंडपम में सुबह साढ़े 10 बजे शुरू हुई यह बैठक करीब साढ़े तीन घंटे चली। इसमें नशा, गरीबी, नक्सलवाद, जनधन और प्रशासनिक सुधार जैसे बड़े मुद्दों पर मंथन हुआ। बैठक का सबसे भावुक पल तब आया, जब नशे का मुद्दा उठा। सूत्रों के मुताबिक युवाओं में तेजी से फैल रही नशे की लत का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री की आवाज भर्रा गई।
उन्होंने कहा कि देश की नई पीढ़ी को किसी भी कीमत पर नशे के दलदल में नहीं जाने दिया जा सकता। यह सिर्फ कानून-व्यवस्था का मामला नहीं है, यह देश के भविष्य का सवाल है।
प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद का उदाहरण देते हुए मंत्रियों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि जब देश ने मिलकर नक्सलवाद जैसी गहरी समस्या पर काबू पा लिया, तो नशे को भी जड़ से खत्म किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने चेताया कि नक्सलवाद पर मिली जीत को हल्के में नहीं लेना है। इस बात का पूरा ध्यान रखना होगा कि यह समस्या दोबारा सिर न उठा सके।
50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए
गरीबी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने 2014 का वह दिन याद किया, जब उन्होंने संसद के सेंट्रल हॉल में अपनी सरकार को गरीबों को समर्पित बताया था। उन्होंने कहा कि आज करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकल चुके हैं।
अब चुनौती यह है कि ये लोग फिर से गरीबी में न लौटें। इसके लिए बचत की आदत को मजबूत करना होगा। पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय समाज की पहचान सिर्फ खर्च करने की नहीं, बल्कि बचाकर चलने की रही है। बचत ही परिवार को मुश्किल समय में संभालती है। इसलिए सरकार की योजनाओं के साथ-साथ लोगों में बचत की संस्कृति को भी बढ़ावा देना जरूरी है।
बैठक में हुए तीन बड़े प्रेजेंटेशन
बैठक में तीन बड़े प्रेजेंटेशन भी दिए गए। पहला प्रेजेंटेशन गरीबी उन्मूलन पर था, जिसमें विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला दिया गया। 11 मंत्रालयों के सचिवों ने बताया कि आवास योजना, हर घर जल, उज्ज्वला, डीबीटी, डिजिटल पहुंच और बैंकिंग सेवाओं ने गरीबी घटाने में बड़ी भूमिका निभाई है।दूसरा प्रेजेंटेशन नक्सल मुक्त भारत पर था, जिसमें अब तक की कार्रवाई और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।
तीसरा प्रेजेंटेशन जनधन योजना पर केंद्रित रहा, जिसमें आम लोगों को बैंकिंग से जोड़ने और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के कामों का लेखा-जोखा रखा गया। इसके अलावा सितंबर में हुई चिंतन बैठक में तय लक्ष्यों पर कितना काम हुआ, इसका भी जायजा लिया गया। बैठक के अंत में साफ संदेश था- युवा नशे से बचें, गरीबी से बाहर आए लोग मजबूत बनें और आंतरिक सुरक्षा की उपलब्धियां बनी रहें।












