नई दिल्ली: हौसले बुलंद हों तो अपराधियों के इरादे भी पस्त हो जाते हैं। मुसीबत के सामने घुटने टेकने के बजाय उसका डटकर मुकाबला कैसे किया जाता है इसकी मिसाल दिल्ली की 24 वर्षीय युवती खुशी माहेश्वरी ने पेश की है। मोबाइल फोन छीनकर भाग रहे दो बाइक सवार बदमाशों को पकड़वाने के लिए खुशी ने अपनी जान की परवाह किए बिना स्कूटी से उनका पीछा किया। बदमाशों ने उसे सड़क पर गिराया, चोटें भी आईं, लेकिन उसके हौसले नहीं डगे। आखिरकार उसकी बहादुरी, पुलिसकर्मियों की तत्परता और आम लोगों के सहयोग से दोनों आरोपी कानून के शिकंजे में आ गए।
यह साहसिक घटना 28 अक्टूबर की रात करीब साढ़े आठ बजे उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में हुई। खुशी माहेश्वरी अशोक विहार में अपनी कक्षाएं समाप्त कर स्कूटी से घर लौट रही थी। वह आजादपुर की ओर जा रही थी तभी शालीमार बाग मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवक पीछे से आए। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने अचानक खुशी का हाथ मरोड़ा और जोरदार झटका देकर उसका एप्पल आईफोन-16 प्रो छीन लिया। अचानक हुए हमले से खुशी का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क पर गिर पड़ी। उसे मामूली चोटें भी आईं।
लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। बदमाश मोबाइल लेकर भागे तो खुशी ने भी हार मानने से इनकार कर दिया। उसने शोर मचाते हुए अपनी स्कूटी संभाली और दोनों का पीछा शुरू कर दिया। रिंग रोड फ्लाईओवर पर मुकुंदपुर की तरफ जाते समय यातायात के कारण बदमाशों की मोटरसाइकिल की रफ्तार धीमी हुई। खुशी ने इसी मौके पर उन्हें रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि बदमाशों में से एक ने उसकी स्कूटी को धक्का देकर गिराने की कोशिश की। इसके बावजूद युवती ने पीछा जारी रखा। इसी दौरान दोनों वाहन सड़क पर गिर गए।
मौके पर मची अफरा-तफरी के बीच एक आरोपी को स्थानीय लोगों ने दबोच लिया जबकि दूसरा फ्लाईओवर से नीचे कूदकर भागने की कोशिश करने लगा। लेकिन वहां मौजूद सतर्क पुलिसकर्मी ने उसे भी पकड़ लिया। इस तरह पुलिस और जनता की संयुक्त कार्रवाई से दोनों बदमाशों की भागने की कोशिश नाकाम हो गई।
एक वारदात ने खोली चोरी के नेटवर्क की परतें
पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली तो खुशी से छीना गया आईफोन-16 प्रो बरामद हो गया। इसके अलावा तीन अन्य मोबाइल फोन भी मिले। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय समीर उर्फ खचरा निवासी भलस्वा डेयरी और 19 वर्षीय मोहित उर्फ मोहिता, निवासी मुकुंदपुर पार्ट-दो के रूप में हुई है। जांच और सत्यापन में बरामद मोबाइल फोन के तार दिल्ली के अलग-अलग थानों में दर्ज चोरी की वारदातों से जुड़े मिले। दो मोबाइल फोन आदर्श नगर और जहांगीरपुरी थानों में दर्ज अलग-अलग ई-एफआईआर से संबंधित चोरी के पाए गए। तीसरा मोबाइल फोन लॉक अवस्था में मिला। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने खुलासा किया कि यह फोन उसी दिन मुकुंदपुर फ्लाईओवर से छीना गया था।इतना ही नहीं, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी चोरी की निकली। मोटरसाइकिल का पंजीकरण नंबर डीएल-14-एसडब्ल्यू-2718 है। यह मधु विहार थाने में 21 अगस्त 2026 को दर्ज ई-एफआईआर से संबंधित पाई गई।
शालीमार बाग थाने में मुकदमा दर्ज
इस मामले में थाना शालीमार बाग में एफआईआर संख्या 375/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4)/3(5) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस बरामद मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनके आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने खुशी माहेश्वरी के साहस सूझबूझ और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए उन्हें प्रस्तुति पत्र देकर सम्मानित किया। पुलिस के मुताबिक युवती के त्वरित फैसले और निडरता ने आरोपियों को पकड़वाने में अहम भूमिका निभाई। खुशी माहेश्वरी ने साबित कर दिया कि बहादुरी केवल ताकत का नाम नहीं बल्कि विपरीत परिस्थितियों में हिम्मत न हारने का जज्बा है। जिस वक्त बदमाश उसे कमजोर समझकर मोबाइल छीनकर भाग रहे थे उसी वक्त दिल्ली की इस बेटी ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।












