नशे के साम्राज्य पर क्राइम ब्रांच का प्रहार, परिवार का ड्रग्स कार्टेल बेनकाब

0
14

नई दिल्ली: नशे के सौदागरों के खिलाफ दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बड़ा शिकंजा कसते हुए अंतरराज्यीय पारिवारिक हेरोइन तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे और निशानदेही पर कुल 2 किलो 250 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब पांच करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने 73,400 रुपये नकद, दो महिंद्रा थार, दो मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

नए थाने में दर्ज हुई पहली एफआईआर

इस कार्रवाई की खास बात यह है कि मामला एफआईआर संख्या 01/2026 एएनटीएफ के नवनिर्मित थाने में दर्ज पहला मुकदमा है, जो 10 सितंबर 2026 से शुरू हुआ था। पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर को सूचना मिली कि रोहित दिवाकर अपनी पत्नी के साथ सिग्नेचर ब्रिज से खजूरी खास की ओर हेरोइन सप्लाई करने जा रहा है। टीम ने वजीराबाद रोड पर घेराबंदी कर रोहित, उसकी पत्नी और भाई विशाल दिवाकर को दबोच लिया। विशाल के बैग से 2 किलो 6 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। मौके से दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं।

रुड़की से गाजियाबाद तक फैली सप्लाई चेन

जांच के दौरान पुलिस ने रुड़की के एक गेस्ट हाउस से कथित खरीदार अफरोज अली को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर गाजियाबाद के शालीमार गार्डन स्थित फ्लैट से 104 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद 25 सितंबर को बुराड़ी से चिराग को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर 140 ग्राम हेरोइन, 37,400 रुपये और एक स्कूटी बरामद हुई।

अंतरिम जमानत पर बाहर आकर फिर बना तस्कर

पुलिस जांच में सामने आया कि चिराग पहले भी क्राइम ब्रांच और कश्मीरी गेट थाने में दर्ज दो मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में आरोपी रहा है। पत्नी की बीमारी के आधार पर अंतरिम जमानत पर बाहर आने के बाद वह फिर कथित रूप से नशे के कारोबार में शामिल हो गया। आखिरी कड़ी में 10 नवंबर को गाजियाबाद के शालीमार गार्डन एक्सटेंशन से फरार आरोपी गौरव को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 36 हजार रुपये और कथित तौर पर नशे की कमाई से खरीदी गई महिंद्रा थार जब्त की गई। जांच में उसके खिलाफ पांच पुराने मामलों की जानकारी मिली जिनमें दो मादक पदार्थों से जुड़े हैं।

रिश्तों के जाल में तस्करी का कारोबार

जांच में कई आरोपियों के पारिवारिक संबंध अन्य मादक पदार्थ तस्करी के मामलों से भी सामने आए हैं। पुलिस अब गिरोह के शेष सप्लायरों, सहयोगियों और आर्थिक लेनदेन की कड़ियां खंगाल रही है।

टीम की अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई एसआई विपिन राठी के नेतृत्व में शुरू हुई, जबकि आगे की जांच एसआई कृष्ण कुमार ने संभाली। टीम में एएसआई ओम प्रकाश, एएसआई राजेंद्र, हेड कांस्टेबल सिकंदर, हेड कांस्टेबल देवेंद्र और महिला कांस्टेबल शबाना शामिल रहे। अभियान इंस्पेक्टर राकेश दुहन, थाना प्रभारी एएनटीएफ और एसीपी राजेश शर्मा के नेतृत्व में चलाया गया। इसमें डीसीपी गौरव गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका भारद्वाज के मार्गदर्शन तथा विशेष पुलिस आयुक्त एचजीएस धालीवाल की निगरानी में टीम ने सफलता हासिल की। दिल्ली पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और नशे की कमाई के पूरे आर्थिक नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here