नई दिल्ली: गर्लफ्रेंड को प्रभावित करने का जुनून ऐसा चढ़ा कि महंगी गाड़ियों की चोरी ही शौक बन गया। चोरी की कार से घूमना, रौब जमाना और पेट्रोल खत्म होते ही उसे सड़क पर लावारिस छोड़ देना। फिल्मी कहानी जैसी लगने वाली यह वारदात दिल्ली की सड़कों पर हकीकत बनकर सामने आई। शाहदरा जिला के कृष्णा नगर थाना पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है।
गर्लफ्रेंड को प्रभावित करने के लिए चुराता था महंगी कारें
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरोह का एक आरोपी अमजद अपनी गर्लफ्रेंड को प्रभावित करने के लिए महंगी गाड़ियां चोरी करता था। चोरी की गाड़ियों का इस्तेमाल घूमने-फिरने और अपना रौब दिखाने के लिए किया जाता था। आरोपी किसी महंगी गाड़ी को निशाना बनाते, उसे चोरी कर सड़कों पर दौड़ाते और पेट्रोल खत्म होते ही वहीं छोड़कर दूसरी गाड़ी की तलाश में निकल पड़ते थे।
पेट्रोल खत्म होते ही सड़क किनारे छोड़ देते थे कार
आरोपियों के लिए चोरी की गाड़ी कोई स्थायी ठिकाना नहीं, बल्कि मौज-मस्ती का साधन थी। एक गाड़ी का ईंधन खत्म होते ही उसे सड़क किनारे छोड़ दिया जाता और फिर दूसरी महंगी गाड़ी चोरी कर ली जाती थी। इसी तरीके से गिरोह लगातार वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस अब आरोपियों के इस पूरे तौर-तरीके की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
गर्लफ्रेंड की भूमिका भी पुलिस जांच के दायरे में
मामले में अमजद की गर्लफ्रेंड की भूमिका भी पुलिस की जांच के दायरे में है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसे चोरी की गाड़ियों के बारे में जानकारी थी या नहीं और क्या वह किसी भी रूप में इस अपराध से जुड़ी हुई थी। फिलहाल उसकी संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है।
पूछताछ में खुल सकते हैं वाहन चोरी की कई वारदातों के राज
तीनों आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अब तक कितनी गाड़ियां चोरी की गईं, किन-किन इलाकों में वारदातों को अंजाम दिया गया और इस गिरोह के पीछे कोई अन्य सदस्य भी सक्रिय है या नहीं। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ में वाहन चोरी की कई अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
कृष्णा नगर पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
शाहदरा जिला के कृष्णा नगर थाना पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस टीम अब आरोपियों से पूछताछ और अन्य पहलुओं की जांच के आधार पर पूरे गिरोह का नेटवर्क खंगाल रही है।












