द्वारका में गोलियों की गूंज के बीच पुलिस का शिकंजा, डाबड़ी हत्याकांड का वांछित आरोपी शिवम जग्गी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

0
7

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में अपराधियों के हौसले पस्त करने के लिए द्वारका जिला पुलिस ने एक बार फिर मुस्तैदी दिखाते हुए डाबड़ी हत्याकांड के वांछित आरोपी को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। स्पेशल स्टाफ की टीम और बदमाश के बीच गोलियां चलीं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर अस्पताल पहुंचाया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम जग्गी उर्फ गू के रूप में हुई है। उसकी उम्र महज 19 वर्ष बताई गई है।

हत्या के बाद गैंग के ठिकाने पर ली थी पनाह

द्वारका जिला डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि 24 अक्टूबर को डाबड़ी के झंडा चौक के पास हत्या की वारदात हुई थी। इस मामले में थाना डाबड़ी में 25 अक्टूबर को एफआईआर संख्या 632/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिवम इस मामले में वांछित था। प्रारंभिक पूछताछ में उसके हाशिम बाबा गिरोह के सदस्यों के संपर्क में रहने और हत्या के बाद सीलमपुर इलाके में गिरोह के सदस्यों के साथ ठहरने की बात सामने आई है।

साब नदी रोड पर बिछाया जाल, आमने-सामने हुई फायरिंग

30 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गोयला डेयरी-छावला इलाके में घूम रहा है और सेक्टर-24 स्थित यूईआर-द्वितीय के पास साबी नदी रोड पर अपने साथी से मिलने पहुंचेगा। स्पेशल स्टाफ ने वहां घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही आरोपी ने कथित तौर पर आत्मसमर्पण करने के बजाय अवैध पिस्तौल से चार गोलियां चला दीं। पुलिस टीम ने चेतावनी देने के बाद आत्मरक्षा में तीन गोलियां चलाईं। इस दौरान आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया।

हथियार बरामद, दूसरे अपराध की थी कथित तैयारी

आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल, मैगजीन, एक जिंदा कारतूस और चार खाली खोखे बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्यों के निर्देश पर वह एक और वारदात को अंजाम देने के इरादे से द्वारका पहुंचा था। उसके खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास सहित पहले के आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह के निर्देश पर गठित टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर कमलेश कुमार ने किया। टीम में एसआई राकेश, एसआई दिनेश कुमार, एसआई जयबीर, एएसआई विजय सिंह, हेड कांस्टेबल नरेश, राजेश, जयराम, जगत सिंह और कांस्टेबल मनजीत शामिल रहे। एसीपी ऑपरेशंस सुभाष मलिक की निगरानी तथा अतिरिक्त डीसीपी-1 विकास कुमार के समग्र पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। फिलहाल पुलिस आरोपी के अन्य साथियों, हत्याकांड की पूरी साजिश और गिरोह से उसके संपर्कों की पड़ताल कर रही है।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here