बिहार के गन्ना किसानों के लिए बड़ी पहल, हर जिले में पहुंचेगा ‘गन्ना विकास रथ’, मिलेंगी कई सुविधाएं

0
7

पटना: बिहार के गन्ना किसानों तक खेती की नई तकनीक और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए राज्यव्यापी अभियान शुरू हुआ है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सचिवालय के संवाद कक्ष के सामने बने मंच से ‘गन्ना विकास रथ-2026’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सभी जिलों के लिए रथ भेजे गए हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों की आमदनी बढ़ाना, गन्ना उत्पादन में सुधार करना और चीनी उद्योग को मजबूत बनाना है। उन्होंने बताया कि बिहार में फिलहाल 10 चीनी मिलें काम कर रही हैं, जबकि पांच नई मिलें जल्द शुरू की जाएंगी।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, ‘समृद्ध उद्योग-सशक्त बिहार’ के लक्ष्य के साथ शुरू हुआ यह अभियान किसानों को आधुनिक खेती, वैज्ञानिक तरीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देगा। नई चीनी मिलें लगाने के साथ बंद पड़ी पुरानी मिलों को दोबारा शुरू करने की दिशा में भी काम किया जाएगा। गन्ने की खेती से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

किसानों को उन्नत खेती और सब्सिडी की जानकारी

गन्ना विकास रथ जिलों में जाकर किसानों को गन्ने की उन्नत किस्मों, वैज्ञानिक खेती, जैविक खाद और आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में बताएंगे। गन्ना यंत्रीकरण योजना के तहत कृषि उपकरणों पर अनुदान की जानकारी भी दी जाएगी। मुख्यमंत्री गन्ना विकास कार्यक्रम के तहत प्रमाणित गन्ना बीज पर मिलने वाली सब्सिडी के बारे में भी किसानों को जागरूक किया जाएगा। नए क्षेत्रों में गन्ने की खेती बढ़ाने के लिए मुफ्त बीज उपलब्ध कराने की जानकारी भी साझा की जाएगी।

चीनी उद्योग को मजबूत बनाने पर जोर

किसानों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने के लिए ‘गन्ना ID’ और ‘गन्ना साथी’ AI चैटबॉट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इनसे किसान डिजिटल सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। जागरूकता बढ़ाने के लिए किसान गोष्ठियां और नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि गन्ना विकास रथ-2026 किसानों को नई तकनीक और सरकारी योजनाओं से जोड़ने में मददगार होगा। इससे उत्पादन बढ़ाने और चीनी उद्योग को आगे ले जाने का रास्ता मजबूत होगा। नई और पुरानी मिलों के जरिए इस क्षेत्र को गति मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह और संजय कुमार सिंह तथा विभाग के सचिव धर्मेंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here