पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में ट्रक में आग लगने से हुई चालक की मौत का मामला अब एक सनसनीखेज हत्या में बदल गया है. पुलिस जांच में सामने आया कि ट्रक चालक और मालिक बलविंदर सिंह की मौत हादसे में नहीं, बल्कि कथित तौर पर साजिश के तहत की गई थी. पुलिस के मुताबिक, उसकी प्रेमिका अमनदीप कौर ने हत्या को दुर्घटना का रूप देने के लिए ट्रक के केबिन में आग लगा दी.
ट्रक में जिंदा जल गया था बलविंदर
घटना 10 जुलाई 2026 की रात की है. पूरनपुर पुलिस को बड़ी नहर के पास हाईवे पर खड़े एक ट्रक में आग लगने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई तो ट्रक के केबिन से एक जला हुआ शव बरामद हुआ.
मृतक की पहचान रामपुर निवासी बलविंदर सिंह के तौर पर हुई. इसके बाद उसके भाई गुरमीत सिंह की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.
प्रेम संबंध खत्म करना चाहती थी आरोपी महिला
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से एक महिला तक पुलिस पहुंची. पूछताछ में रुद्रपुर निवासी अमनदीप कौर उर्फ अमन पर हत्या का आरोप सामने आया. पुलिस का दावा है कि अमनदीप और बलविंदर के बीच करीब दो-तीन साल से प्रेम संबंध था. महिला इस रिश्ते को खत्म करना चाहती थी, लेकिन बलविंदर कथित तौर पर इसके लिए तैयार नहीं था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था.
रॉड से हमला, फिर केबिन में लगाई आग
पुलिस के मुताबिक, 10 जुलाई को दोनों की ट्रक के केबिन में मुलाकात हुई. बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया. आरोप है कि अमनदीप ने ट्रक में रखी लोहे की रॉड से बलविंदर के सिर पर हमला किया, जिससे वह बेहोश हो गया.
इसके बाद कथित तौर पर उसके ऊपर डीजल डालकर केबिन में आग लगा दी गई. आग में झुलसने से बलविंदर की मौत हो गई. पुलिस ने जांच के दौरान कथित तौर पर इस्तेमाल की गई रॉड और डीजल का केन बरामद किया है. आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब मामले में सामने आए सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.











