नई दिल्ली: दीपावली की खुशियों में मिलावट का जहर घोलने वालों के खिलाफ दिल्ली सरकार ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। मंगलवार को मोरी गेट स्थित खोया मंडी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापेमारी कर करीब 7 हजार किलोग्राम बदबूदार और अस्वच्छ खोया जब्त कर मौके पर ही नष्ट करा दिया। कार्रवाई की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता खुद मौके पर पहुंचीं और पूरे अभियान का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कार्रवाई की विस्तृत जानकारी ली और स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी संदिग्ध खाद्य सामग्री को बाजार के रास्ते लोगों की थाली तक पहुंचने नहीं दिया जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। आरोपी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
44 में से 35 नमूने जांच में फेल
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंडी से कुल 44 नमूने लेकर मौके पर उपलब्ध चलती-फिरती खाद्य जांच प्रयोगशाला में प्रारंभिक परीक्षण किया। इनमें 35 नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे। इसके अलावा दो नमूने विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। जांच में संदिग्ध सामग्री में दूध पाउडर, वनस्पति और मिलावट में इस्तेमाल होने वाले पदार्थों से जुड़े संकेत भी मिले हैं।
10,660 किलो खोया नष्ट
विभाग के अनुसार 4 सितंबर को 2,830 किलो, 8 सितंबर को 610 किलो और 23 अक्टूबर को 520 किलो खोया नष्ट किया गया था। मंगलवार की कार्रवाई के बाद अब तक नष्ट किए गए खोये की कुल मात्रा 10,660 किलो पहुंच गई है। मुख्यमंत्री ने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम की सराहना करते हुए कहा कि त्योहारों में लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा।
Reported By: Pankaj Rai












