मैड संधू हत्याकांड में बड़ा एक्शन, मुंबई से दबोचा गया मुख्य आरोपी जश्नप्रीत, अब तक 9 गिरफ्तार

0
7

चंडीगढ़: पंजाब के चर्चित मेकअप आर्टिस्ट और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मधु सूधन उर्फ मैड संधू हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जालंधर काउंटर इंटेलिजेंस (CI) की टीम ने मुंबई एटीएस के साथ संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी जशनप्रीत सिंह को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से तीन पिस्तौल, पांच मैगजीन और 11 कारतूस बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि जशनप्रीत सिंह ही मैड संधू हत्याकांड का मुख्य शूटर था और उसके खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

विदेशी हैंडलर्स के इशारे पर करता था काम

शुरुआती पूछताछ में खुलासा हुआ है कि जशनप्रीत विदेश में बैठे हैंडलर्स के कहने पर काम करता था। वह शूटर्स को हथियार पहुंचाने, फंडिंग करने और लॉजिस्टिक सपोर्ट देने का काम संभालता था। आरोपी ने तरनतारन जिले में रंगदारी को लेकर हुई फायरिंग की तीन वारदातों में अपनी भूमिका कबूल की है।पुलिस अब इस पूरे गैंगस्टर नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि इसके पीछे और आगे के कनेक्शन का पता लगाया जा सके। पंजाब पुलिस ने कहा है कि वह राज्य में संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।

अमृतसर में हुई थी हत्या

बता दें, कुछ दिन पहले अमृतसर में लोहरका रोड स्थित एक कार वॉशिंग सेंटर के पास बाइक सवार दो हमलावरों ने मैड संधू की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में अमृतसर के छावनी थाने में एफआईआर दर्ज हुई थी और अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

कौन थे मैड संधू?

मैड संधू सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय थे। वह एक मशहूर मेकअप आर्टिस्ट होने के साथ-साथ पॉडकास्ट और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जेंडर से जुड़े मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखते थे। इंस्टाग्राम पर उनके 2.26 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। उन्होंने पंजाबी फिल्म ‘ओये भोले ओये’ में भी काम किया था। उनकी हत्या के बाद से सोशल मीडिया पर शोक की लहर थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here