भारतीय महिला ने अमेरिका में मेहंदी लगाने को बनाया साइड बिजनेस, एक दिन की कमाई जानकर रह जाएंगे हैरान

0
11
Priyancka Jaiin
Insta/@priyancka.jaiin

नई दिल्ली: अमेरिका में नौकरी करने वाली एक भारतीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने अपने शौक को कमाई के जरिए में बदलकर मिसाल कायम की है. प्रियांका जैन अपनी फुल-टाइम सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी के साथ मेहंदी लगाने का काम भी करती हैं. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि अमेरिका में मेहंदी आर्टिस्ट के तौर पर काम करके वह कितनी कमाई करती हैं. उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

प्रियांका ने बताया कि उनकी मुख्य कमाई सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी से होती है. मेहंदी लगाना उनके लिए नौकरी नहीं, बल्कि पसंद और जुनून है, जिसे उन्होंने साइड बिजनेस का रूप दिया है. इसके जरिए उन्हें अपनी नियमित आय के अलावा अतिरिक्त कमाई भी हो जाती है. मेहंदी आर्टिस्ट के रूप में प्रियांका प्रति घंटे 100 डॉलर यानी करीब 9 से 10 हजार रुपये चार्ज करती हैं. इसके अलावा कई ग्राहक उन्हें फीस के ऊपर 20 प्रतिशत तक टिप भी देते हैं. शादी और दुल्हन से जुड़े बड़े असाइनमेंट में उनकी कमाई और बढ़ जाती है.

10 घंटे काम कर कमाती हैं करीब 1 लाख रुपये

प्रियांका के मुताबिक, ब्राइडल और वेडिंग मेहंदी के किसी काम में करीब 10 घंटे देने पर वह लगभग 1 लाख रुपये तक कमा सकती हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि अमेरिका में ज्यादा कमाई के साथ खर्च भी काफी ज्यादा है. इसलिए केवल भारतीय रुपये में रकम देखकर वहां की कमाई का अंदाजा लगाना सही नहीं होगा.

पैसे से ज्यादा सम्मान मायने रखता है

प्रियांका के लिए मेहंदी से होने वाली अतिरिक्त आमदनी से ज्यादा महत्वपूर्ण वह सम्मान है, जो उन्हें एक कलाकार के रूप में मिलता है. उन्होंने कहा कि अमेरिका में कलाकारों के काम को काफी महत्व दिया जाता है और उन्हें अपने हुनर के लिए सम्मान महसूस होता है.

भारत में मेहंदी आर्टिस्ट के पेशे को लेकर लोगों की सोच की तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि यहां इसे हमेशा उतना अच्छा करियर नहीं माना जाता. वहीं अमेरिका में उन्हें कभी ऐसा महसूस नहीं कराया गया कि उनका काम छोटा या महत्वहीन है. यही वजह है कि उनके लिए यह अनुभव पैसों से कहीं ज्यादा खास है. प्रियांका के वीडियो को इंस्टाग्राम पर करीब 10 मिलियन यानी एक करोड़ व्यूज मिल चुके हैं. उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर लगभग 28,500 फॉलोअर्स हैं.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here