लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिले के भौराकलां थाना क्षेत्र में शिव मंदिर के 81 वर्षीय पुजारी स्वामी देवानंद भारती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक मृतक पुजारी मूल रूप से ग्वालियर के रहने वाले थे और रिटायर्ड फौजी थे। मंगलवार देर शाम वह मंदिर परिसर में ही मौजूद थे, तभी हमलावरों ने उन्हें आवाज देकर बाहर बुलाया। जैसे ही वह बाहर आए, बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मंदिर परिसर में मचा हड़कंप
गोली चलने की आवाज सुनकर मंदिर में मौजूद पीआरडी जवान और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर बाइक से भाग चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही भौराकलां पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए सहारनपुर परिक्षेत्र के डीआईजी अभिषेक सिंह और मुजफ्फरनगर के एसएसपी सूरज कुमार राय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
परिचितों पर शक, तीन टीमें गठित
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावर पुजारी के परिचित हो सकते हैं, क्योंकि उन्होंने नाम लेकर उन्हें बाहर बुलाया था। मौके से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है, लेकिन पुजारी के शरीर को पार कर गई गोली पुलिस ने बरामद कर ली है, जिसे जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने एसओजी, सर्विलांस और भौराकलां थाने की तीन अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कई अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।












