DA Hike: केरल सरकार ने दिया कर्मचारियों को तोहफा, महंगाई भत्ते में 2% इजाफे का ऐलान

0
10

नई दिल्ली: केंद्र सरकार के कर्मचारी जहां महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का इंतजार कर रहे हैं, वहीं केरल सरकार ने अपने कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार ने महंगाई भत्ता (DA) और पेंशनभोगियों की महंगाई राहत (DR) में 2 फीसदी की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। वित्त विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, DA और DR को 35 प्रतिशत से बढ़ाकर 37 प्रतिशत कर दिया गया है। बढ़ा हुआ भत्ता कर्मचारियों को अक्टूबर की सैलरी के साथ मिलेगा, जिसका भुगतान नवंबर महीने में होगा। वहीं पेंशनभोगियों को बढ़ी हुई राहत नवंबर की पेंशन में मिलेगी।

किन कर्मचारियों को मिलेगा लाभ?

सरकारी आदेश में साफ किया गया है कि इस बढ़ोतरी का फायदा सिर्फ सचिवालय तक सीमित नहीं रहेगा। इसका लाभ राज्य सरकार के सभी कर्मचारी, शिक्षक, सहायता प्राप्त स्कूलों, निजी कॉलेज और पॉलिटेक्निक के स्टाफ, फुल टाइम संविदा और अस्थायी कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय निकायों के कर्मचारियों को भी मिलेगा। इसके अलावा राज्य सेवा के पेंशनभोगी, फैमिली पेंशनभोगी और अनुग्रह पेंशनभोगी भी इसके दायरे में आएंगे।

हालांकि, केरल राज्य विद्युत बोर्ड (KSEB) और केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) जैसी संस्थाओं पर यह आदेश सीधे लागू नहीं होगा। इन संगठनों को अपने कर्मचारियों के लिए अलग से DA-DR का आदेश जारी करना होगा।

केंद्र के कर्मचारियों को 3% बढ़ोतरी की उम्मीद

दूसरी तरफ केंद्र सरकार के कर्मचारियों को DA में 3 प्रतिशत बढ़ोतरी की उम्मीद है। अगर ऐसा होता है तो उनका महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा। सरकार ने अभी तक इसका आधिकारिक ऐलान नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि दिवाली से पहले इसकी घोषणा हो सकती है। इस साल दिवाली 8 नवंबर को है, इसलिए त्योहारी सीजन में कर्मचारियों को तोहफा मिल सकता है।

सैलरी में कितना आएगा इजाफा?

DA की गणना बेसिक पे पर की जाती है। 3 प्रतिशत बढ़ोतरी के हिसाब से 18,000 रुपये बेसिक सैलरी वाले कर्मचारी को हर महीने 540 रुपये ज्यादा मिलेंगे, जबकि 56,100 रुपये बेसिक पे वाले कर्मचारी को 1,683 रुपये का अतिरिक्त फायदा होगा।  बता दें, 1 जनवरी 2026 से लागू 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी के बाद फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों का DA 60 प्रतिशत है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here