भारत में 34 गांवों का नाम है ‘रावण’, क्या लंकापति से जुड़ा है इनका इतिहास? जानें हकीकत

0
8

नई दिल्ली: दशहरे पर जिस रावण का पुतला पूरे देश में जलाया जाता है, उसी नाम से मिलते-जुलते गांव भारत के कई राज्यों में मौजूद हैं। आज विजयादशमी के मौके पर यह जानना दिलचस्प है कि वेबसाइट vlist.in पर “Rawan” नाम की खोज करने पर 34 गांव और गांवों से जुड़े नाम सामने आते हैं। खास बात यह है कि ये किसी एक-दो राज्यों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों में फैले हुए हैं। वहीं “Ravan” नाम से सिर्फ एक गांव दर्ज है।

vlist.in के आंकड़ों के मुताबिक, इस मामले में राजस्थान पहले नंबर पर है। यहां “Rawan” नाम या उससे जुड़े 10 गांव दर्ज हैं। इनमें रावण गुरारी, केरियां रावण, इसरवास (रावण), बरबरी रावण, बगरू रावण, महेशपुरा रावण, खेरली रावण और देओली रावण जैसे नाम शामिल हैं। ध्यान रहे कि यह डेटा 2011 की जनगणना पर आधारित है। अब तक इसमें काफी बदलाव हो चुके होंगे, जिनकी सही तस्वीर अगली जनगणना के नतीजों के बाद ही सामने आएगी।

छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश भी पीछे नहीं

छत्तीसगढ़ में ऐसे 7 और उत्तर प्रदेश में 6 गांव या स्थान मिलते हैं, जिनके नाम में “रावण” है। छत्तीसगढ़ की सूची में रायपुर के अलावा भेजरी रावण, रावण खोंद्रा, रावण (रावड़) और सावन रावण जैसे नाम हैं। उत्तर प्रदेश में खीरी का रावण, रावण उर्फ बरागांव, रावण बुजुर्ग, कंद रावण, बहू रावण और रावण खुर्द उर्फ बीबीपुर शामिल हैं। इसके अलावा पंजाब में 3, जबकि बिहार, मध्य प्रदेश और हरियाणा में 2-2 नाम दर्ज हैं। जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भी एक-एक स्थान सूची में दिखता है।

सिर्फ “Rawan” नाम वाले कितने

पूरी सूची में केवल “Rawan” नाम वाले 10 गांव हैं। ये कैमूर (बिहार), विदिशा (मध्य प्रदेश), होशियारपुर और कपूरथला (पंजाब), रायपुर (छत्तीसगढ़), खीरी (उत्तर प्रदेश), झुंझुनूं और उदयपुर (राजस्थान) में हैं। रायपुर में इस नाम के एक से ज्यादा रिकॉर्ड भी दिखते हैं। विदिशा का “Rawan” गांव vlist.in पर अलग से दर्ज है और सरकारी जनगणना रिकॉर्ड में भी इस नाम के गांव मिलते हैं।

क्या रामायण के रावण से है संबंध

सिर्फ नाम देखकर ऐसा कहना सही नहीं होगा। “Rawan” अंग्रेजी वर्तनी है और अलग-अलग इलाकों में इसका स्थानीय उच्चारण या हिंदी वर्तनी अलग हो सकती है। इसलिए इन सभी गांवों के नाम लंकापति रावण पर रखे गए हैं, इसका कोई प्रमाण इस सूची से नहीं मिलता।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here