नई दिल्ली: Apple ने आखिरकार भारत में अपनी चर्चित पेमेंट सर्विस Apple Pay को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस सर्विस की शुरुआत Axis Bank के साथ की है। फिलहाल शुरुआती दौर में सिर्फ Axis Bank के चुनिंदा Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड ही Apple Pay पर काम करेंगे। कंपनी का कहना है कि जल्द ही दूसरे बैंकों और कार्ड कंपनियों को भी इससे जोड़ा जाएगा।
बिना कार्ड निकाले एक टच से होगी पेमेंट
Apple Pay आने के बाद iPhone, iPad और Apple Watch यूजर्स अब बिना कार्ड निकाले पेमेंट कर सकेंगे। स्टोर, ऐप या वेबसाइट पर पेमेंट के लिए बार-बार कार्ड नंबर, PIN या OTP डालने की झंझट नहीं होगी। यूजर Face ID या Touch ID से ही पेमेंट को अप्रूव कर सकेगा। Apple ने बताया है कि Mac के लिए भी इसका सपोर्ट जल्द लाया जाएगा। यह सर्विस UPI से पूरी तरह अलग है। UPI जहां सीधे बैंक अकाउंट से पैसा ट्रांसफर करता है, वहीं Apple Pay कार्ड-बेस्ड सिस्टम पर काम करता है।
शुरुआत में मिलेगी लिमिटेड सर्विस
हालांकि, लॉन्च के साथ ही एप्पल ने साथ कर दिया है Apple Pay हर किसी के लिए उपलब्ध नहीं है। अभी सिर्फ Axis Bank के एलिजिबल क्रेडिट कार्ड को ही Apple Wallet में ऐड किया जा सकता है और RuPay कार्ड फिलहाल सपोर्ट नहीं करेगें। HDFC, ICICI और SBI जैसे बड़े बैंकों के कार्ड भी इस लिस्ट में नहीं हैं।
इस्तेमाल का तरीका आसान है। यूजर्स को अपना कार्ड Wallet ऐप में जोड़ना होगा। उसके बाद किसी भी सपोर्टेड स्टोर पर iPhone या Apple Watch को पेमेंट मशीन के पास ले जाते ही पेमेंट हो जाएगा। ऑनलाइन शॉपिंग और ऐप्स के अंदर भी Apple Pay का ऑप्शन दिखेगा।
हर मशीन पर नहीं करेगा काम
हालांकि Apple Pay हर कॉन्टैक्टलेस मशीन पर काम नहीं करेगा। मर्चेंट के पास Apple Pay का सपोर्ट होना जरूरी है। यानी नॉर्मल Tap to Pay चलने से यह गारंटी नहीं कि Apple Pay भी चल जाएगा। शुरुआत में इसे फूड एंड बेवरेज, ट्रैवल, फैशन और लाइफस्टाइल कैटेगरी के चुनिंदा ब्रांड्स और मर्चेंट्स पर ही शुरू किया गया है।
भारत में UPI पहले से ही सबसे बड़ा पेमेंट सिस्टम है, ऐसे में Apple Pay का रोल फिलहाल प्रीमियम यूजर्स तक ही सीमित रहेगा। लेकिन iPhone की बिक्री और मैन्युफैक्चरिंग बढ़ने के साथ Apple अब अपने यूजर्स को एक और सहूलियत देना चाहती है।











