नई दिल्ली: यूएई के खिलाफ 53 गेंदों में 204 रनों की ऐतिहासिक पारी खेलकर वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया। उन्होंने अपनी पारी में 28 छक्के और 7 चौके लगाए। इस पारी ने लिस्ट ए क्रिकेट के कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। भारत ने इस जीत से पाकिस्तान के खिलाफ मिली हार को भी भुला दिया। अब सबकी नजरें एक बार फिर वैभव पर रहेंगी। लेकिन फाइनल में पहुंचने के लिए भारत ए को सिर्फ वैभव के बल्ले के भरोसे नहीं रहना होगा। टीम के बाकी बल्लेबाजों को भी जिम्मेदारी उठानी होगी।
मध्यक्रम की फॉर्म बनी चिंता
भारत ए की बल्लेबाजी में वैभव को छोड़कर कई बड़े नाम उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे हैं। आयुष बदोनी पाकिस्तान के खिलाफ 2 रन बनाकर आउट हुए थे, जबकि यूएई के खिलाफ वह खाता भी नहीं खोल सके। रिंकू सिंह भी अपनी छाप छोड़ने में नाकाम रहे हैं। उन्होंने 3 मैचों में 9, 6 और 27 रन बनाए हैं। कप्तान तिलक वर्मा ने दो मैचों में शतक जरूर लगाए हैं, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ उनकी बल्लेबाजी की रफ्तार पर सवाल उठे थे। उन्होंने 100 रन बनाने के लिए 149 गेंदें खेली थीं। ऐसे में तिलक को अपनी पारी में तेजी लानी होगी। टीम को अभिषेक शर्मा और प्रभसिमरन सिंह से भी बेहतर शुरुआत की उम्मीद होगी।
गेंदबाजी में भी सुधार की जरूरत
भारतीय गेंदबाजी में भी कुछ चिंताएं हैं। तेज गेंदबाज हर्षित राणा और प्रिंस यादव ने 7-7 विकेट लेकर प्रभावित किया है, लेकिन दोनों काफी महंगे भी साबित हुए हैं। पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ 300 से ज्यादा रन बनाए थे, जबकि यूएई की टीम भी 8 विकेट पर 249 रन बनाने में सफल रही थी। ऐसे में श्रीलंका के मजबूत बल्लेबाजी क्रम के सामने भारतीय गेंदबाजों को रन रोकने के साथ विकेट भी निकालने होंगे। भारत ने टूर्नामेंट के पहले मैच में नेपाल को महज 26 रनों पर समेटकर अपनी गेंदबाजी की ताकत दिखाई थी। लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ टीम दबाव में बिखर गई और उसे 48 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
अपराजेय है श्रीलंका ए
दूसरी ओर श्रीलंका की टीम पूरे टूर्नामेंट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करती आई है और अब तक एक भी मैच नहीं हारी है। निशान मदुश्का, लसिथ क्रूसपुले और कप्तान पवन रत्नायके ने बल्ले से अहम योगदान दिया है। वानुजा साहन भी टीम के लिए उपयोगी साबित हुए हैं। श्रीलंका की कोशिश भारत के खिलाफ भी अपने अपराजेय अभियान को जारी रखने की होगी। भारत ए के पास बड़े नामों और मैच जिताने वाले खिलाड़ियों की कमी नहीं है। लेकिन सेमीफाइनल में उसे साबित करना होगा कि यूएई के खिलाफ मिली जीत सिर्फ वैभव के बल्ले का कमाल नहीं थी।












