नई दिल्ली: नॉर्थ कोरिया के लीडर किम जोंग उन ने न्यूक्लियर मटेरियल बनाने वाली फैक्ट्रियों का दौरा किया और ज्यादा न्यूक्लियर हथियार बनाने की अपील की। किम का यह कदम अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप के हालिया एशिया दौरे के दौरान मुलाकात के ऑफर को नजरअंदाज करने के कुछ दिनों बाद सामने आया है। किम जोंग उन ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि वह अपने न्यूक्लियर प्रोग्राम को नहीं छोड़ेंगे और अपने देश को न्यूक्लियर पावर के तौर पर मजबूत करने के लिए बेताब हैं।
कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (KCNA) ने गुरुवार को बताया कि किम ने न्यूक्लियर मटेरियल बनाने वाली दो फैक्ट्रियों का निरीक्षण किया। इनमें से एक का हाल ही में उद्घाटन हुआ है, जबकि दूसरी का विस्तार किया जा रहा है। किम ने कहा कि उनका यह ताजा दौरा कोरियन पेनिनसुला पर हर पल मंडरा रहे न्यूक्लियर खतरों के जवाब में नॉर्थ कोरिया की डिफेंस कैपेबिलिटी को मजबूत करने की कोशिशों का हिस्सा है। किम ने बुधवार को एक न्यूक्लियर-पावर्ड इक्विपमेंट प्रोडक्शन बेस और एक न्यूक्लियर रिसर्च इंस्टीट्यूट का भी दौरा किया। साल 2010 में अमेरिकी स्कॉलर्स को अपने मुख्य योंगब्योंग न्यूक्लियर कॉम्प्लेक्स में यूरेनियम एनरिचमेंट साइट दिखाने के बाद से नॉर्थ कोरिया ने कुछ ही बार ऐसी साइट्स का खुलासा किया है। नॉर्थ कोरिया ने यह नहीं बताया कि किम ने इस हफ्ते जिन फैक्ट्रियों का दौरा किया, वे कहां स्थित हैं। इससे पहले जून में भी जब किम के दौरे के दौरान एक यूरेनियम एनरिचमेंट साइट की झलक दिखाई गई थी। इस बीच, किम ने अमेरिका और साउथ कोरिया के खतरों का हवाला देकर न्यूक्लियर प्रोग्राम को सही ठहराया है।
ट्रंप का ऑफर क्यों ठुकराया?
बताया जा रहा है कि ट्रंप ने अपने एशिया दौरे के दौरान किम से मुलाकात की इच्छा जताई थी। लेकिन किम ने इस पर कोई जवाब नहीं दिया और इग्नोर कर दिया। इसके बाद अब किम ने न्यूक्लियर फैक्ट्रियों का दौरा करके साफ संदेश दे दिया है कि वह बातचीत के मूड में नहीं हैं, बल्कि अपने हथियारों को और मजबूत करने में लगे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि नॉर्थ कोरिया अमेरिका के साथ बातचीत में अपने न्यूक्लियर हथियारों को सौदेबाजी का हथियार बनाना चाहता है। वह बिना किसी दबाव के अपनी ताकत बढ़ाना चाहता है। किम का मानना है कि जब तक उनके पास मजबूत परमाणु ताकत नहीं होगी, तब तक अमेरिका और साउथ कोरिया का खतरा बना रहेगा।
दुनिया के लिए चिंता
किम के इस कदम से कोरियन पेनिनसुला में तनाव और बढ़ सकता है। अमेरिका और साउथ कोरिया लगातार नॉर्थ कोरिया के न्यूक्लियर प्रोग्राम पर नजर रखे हुए हैं। वहीं, नॉर्थ कोरिया का कहना है कि उसका कार्यक्रम सिर्फ अपनी सुरक्षा के लिए है, किसी पर हमला करने के लिए नहीं। लेकिन उसके लगातार बढ़ते हथियारों के जखीरे ने दुनिया के कई देशों की चिंता बढ़ा दी है।












