नई दिल्ली: 15 अगस्त को लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने खास ट्रैफिक प्लान जारी किया है. सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुबह 4 बजे से 10 बजे तक कई सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद या डायवर्ट रहेगी. ऐसे में घर से निकलने से पहले रूट की जानकारी लेना जरूरी है.
इन सड़कों पर आम वाहनों की एंट्री बंद
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, कुछ प्रमुख मार्गों पर केवल वैध लेबल वाले वाहनों को ही जाने की अनुमति होगी. इनमें नेताजी सुभाष मार्ग, लोडियन रोड, एसपी मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक रोड, निशाद राज मार्ग, एस्प्लेनेड रोड और लिंक रोड शामिल हैं. इसके अलावा राजघाट से आईएसबीटी कश्मीरी गेट के बीच रिंग रोड पर भी सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा.
इन रास्तों से भी बचने की सलाह
जिन लोगों के पास वैध पार्किंग लेबल नहीं है, उन्हें सुबह 4 से 10 बजे के बीच इंडिया गेट का सी-हेक्सागन, कॉपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, तिलक मार्ग, मथुरा रोड, बीएसजेड मार्ग, जेएल नेहरू मार्ग और प्रभावित रिंग रोड से बचने की सलाह दी गई है. ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखने और सड़क पर लगे साइन बोर्ड, VMS डिस्प्ले और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा है.
इन वैकल्पिक रास्तों का कर सकते हैं इस्तेमाल
उत्तर-दक्षिण दिशा में जाने वाले वाहन अरबिंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग, एसपी मार्ग, 11 मूर्ति, मदर टेरेसा क्रिसेंट, पार्क स्ट्रीट, मंदिर मार्ग, पंचकुइयां रोड और रानी झांसी रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं.
पूर्व-पश्चिम आवागमन के लिए NH-24/NH-9, निजामुद्दीन खट्टा, बारापुला रोड और रिंग रोड वैकल्पिक मार्ग हैं. DND से भी बारापुला रोड या रिंग रोड का रास्ता लिया जा सकता है.
बसों और मालवाहक वाहनों पर भी पाबंदी
14 अगस्त की आधी रात से 15 अगस्त सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन खट्टा से वजीराबाद ब्रिज के बीच मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. वहीं, अंतरराज्यीय बसों को महाराणा प्रताप ISBT और सराय काले खां ISBT के बीच चलने की अनुमति नहीं होगी. दिल्ली की सिटी बस और DTC सेवाओं को भी जरूरत के अनुसार वैकल्पिक मार्गों से चलाया जाएगा.












