चाकू की नोक पर लूट का पर्दाफाश, चार नाबालिग दबोचे

0
8

नई दिल्ली: दिल्ली के वजीराबाद इलाके में चाकू की नोक पर आतंक मचाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का उत्तर जिला पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में चार नाबालिगों को पकड़ा है। आरोप है कि बदमाशों ने पांच मोबाइल फोन और नकदी लूटने के दौरान विरोध करने पर 20 वर्षीय युवक की जांघ में चाकू घोंप दिया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

मोबाइल के लिए किया जानलेवा हमला

उत्तरी जिला डीसीपी निहारिका भट्ट ने बताया कि घटना 6 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे की है। शिकायतकर्ता जय कुमार अपने छह दोस्तों के साथ बुराड़ी पुस्ता मैदान में एपेक्स पब्लिक स्कूल के सामने मौजूद था। तभी चार-पांच युवक चाकू लहराते हुए पहुंचे और सभी को धमकाकर मोबाइल फोन व नकदी लूटने लगे। जय कुमार ने अपना आईफोन-17 देने से विरोध किया तो एक बदमाश ने उसकी बाईं जांघ में चाकू मार दिया। इसके बाद आरोपी मिलन विहार की ओर फरार हो गए। घायल को पीसीआर की मदद से अरुणा आसफ अली अस्पताल पहुंचाया गया।

सीसीटीवी ने खोला लुटेरों का राज

मामले की गंभीरता देखते हुए वजीराबाद थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मुखबिरों की सूचना के आधार पर जांच तेज की। पुलिस टीम ने चार नाबालिगों को पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने बंगाली कॉलोनी में बैठकर लूट की साजिश रची थी। लूटे गए मोबाइल बेचकर रकम आपस में बांटने की बात भी सामने आई है।

इन पुलिसकर्मियों ने संभाला मोर्चा

पूरी कार्रवाई एसएचओ इंस्पेक्टर प्रशांत आनंद की निगरानी और एसीपी बुराड़ी मनोज कुमार के मार्गदर्शन में हुई। टीम में एसआई विपिन, हेड कांस्टेबल विनय, राजेंद्र और परमवीर शामिल रहे। चारों नाबालिगों को ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया गया है। पुलिस दो फरार साथियों की तलाश में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here