वैशाली हत्याकांड का आरोपी पुलिस एनकाउंटर में घायल, भागने की कोशिश हुई नाकाम

0
7
Vaishali Double Murder
Vaishali Double Murder

वैशाली: बिहार के वैशाली जिले में दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी के खिलाफ पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.

बताया जा रहा है कि आरोपी ने एक दिन पहले रास्ते के पुराने विवाद में अपने चाचा और सेना में कार्यरत चचेरे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया था. 

डबल मर्डर के बाद पुलिस का एक्शन

जानकारी के अनुसार, बिदुपुर थाना क्षेत्र के राजसन गांव में रविवार सुबह रास्ते के विवाद को लेकर आरोपी जगदीश राय ने अपने साथियों के साथ मिलकर चाचा मुनारिक राय और उनके बेटे जितेंद्र कुमार राय पर हमला कर दिया. जितेंद्र भारतीय सेना के सिग्नल कोर में तैनात थे और छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे.

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी. सोमवार को दिलावरपुर हेमती गाछी इलाके में पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।.

10 साल पुराना था जमीन और रास्ते का विवाद

परिजनों के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पिछले करीब दस वर्षों से जमीन और केले के बागान तक आने-जाने के रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था. कई बार पंचायत के माध्यम से मामला सुलझाने की कोशिश हुई, लेकिन विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ.

बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन मुनारिक राय और उनके बेटे घर से कुछ दूरी पर पहुंचे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया. गोली लगने से मुनारिक राय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल जितेंद्र कुमार राय ने अस्पताल में दम तोड़ दिया.

परिजनों ने पुलिस पर भी उठाए सवाल

मृतकों के परिजनों का आरोप है कि पहले भी विवाद की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई. उनका कहना है कि यदि शिकायत पर गंभीरता से कदम उठाए जाते तो इस घटना को रोका जा सकता था.

आरोपी अस्पताल में भर्ती, जांच जारी

मुठभेड़ में घायल आरोपी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उसका इलाज चल रहा है. पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है. अधिकारियों का कहना है कि सभी दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here