साइकिल चला रहे 10 साल के बच्चे पर कुत्तों का खौफनाक हमला, नोच-नोच कर शरीर पर किए 50 घाव

0
8
Faridabad Dog Attack
Freepik Image

फरीदाबाद: जरा सोचिए, आपका बच्चा घर की ही सोसाइटी के बेसमेंट में सुरक्षित माहौल में साइकिल चला रहा हो और अचानक मौत बनकर आए आवारा कुत्तों का झुंड उसे घेर ले. हरियाणा के फरीदाबाद से एक दिल को दहला देने वाली यह खौफनाक हकीकत सामने आई है, जहां एक नामी काउंटी सोसाइटी के भीतर मासूम बच्चे को कुत्तों ने इस कदर नोंचा कि उसके शरीर पर 50 से ज्यादा घाव हो गए. इस घटना ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक और प्रशासनिक लापरवाही पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

फरीदाबाद में आवारा कुत्तों का जानलेवा हमला

हरियाणा के फरीदाबाद जिले में आने वाले बल्लभगढ़ क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां सेक्टर-70 स्थित ‘मलबेरी काउंटी सोसाइटी’ के बेसमेंट में साइकिल चला रहे एक 10 वर्षीय मासूम बच्चे पर आवारा कुत्तों के झुंड ने जानलेवा हमला कर दिया. कुत्तों ने बच्चे को इस कदर बेरहमी से काटा कि उसके पूरे शरीर पर 50 से अधिक गहरे घाव हो गए हैं. गंभीर रूप से घायल बच्चे को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों को उसके सिर की जटिल सर्जरी करनी पड़ी.

साइकिल की चेन उतरते ही टूट पड़े 7-8 कुत्ते

जानकारी के अनुसार, घायल बच्चे का नाम पार्थ है. पार्थ मंगलवार की शाम को सोसाइटी के बेसमेंट में अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था और साइकिल चला रहा था. इसी दौरान अचानक उसकी साइकिल की चेन उतर गई. पार्थ साइकिल ठीक करने के लिए जैसे ही रुका, वहां पहले से घात लगाए बैठे करीब 7 से 8 आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर एक साथ हमला बोल दिया. कुत्तों ने मासूम पार्थ को जमीन पर गिरा दिया और उसके सिर, हाथ, पैर सहित शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह नोचना शुरू कर दिया.

गार्ड ने बचाई जान

मासूम पार्थ को लहूलुहान होते देख साथ खेल रहे अन्य बच्चे बुरी तरह घबरा गए. उन्होंने सूझबूझ दिखाई और दौड़कर सोसाइटी के गार्ड को इसकी सूचना दी. जानकारी मिलते ही सिक्योरिटी गार्ड तुरंत हाथ में डंडा लेकर बेसमेंट की तरफ भागा. गार्ड ने डंडे से मारकर कुत्तों के झुंड को वहां से भगाया. हालांकि, जब तक गार्ड मौके पर पहुंचा, तब तक आवारा कुत्ते पार्थ को गंभीर रूप से घायल कर चुके थे.

अस्पताल में हुई सर्जरी

पार्थ के पिता धीरेंद्र तेवतिया ने बताया कि घटना के बाद बच्चे को तुरंत बल्लभगढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया था. लेकिन घाव बेहद गहरे होने और हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया. दिल्ली ले जाते समय रास्ते में अचानक पार्थ की तबीयत और ज्यादा बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों ने उसे फरीदाबाद के सेक्टर-21ए स्थित एक निजी अस्पताल में आपातकालीन स्थिति में भर्ती कराया. यहां डॉक्टरों की टीम ने बुधवार को बच्चे के सिर की सर्जरी की फिलहाल उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

सोसाइटी के निवासियों में भारी आक्रोश

इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना के बाद मलबेरी काउंटी सोसाइटी के निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा. बुधवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने एकत्र होकर प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. निवासियों का आरोप है कि इलाके में आवारा कुत्तों की समस्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन प्रशासन आंखें मूंदकर बैठा है.

50 से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं

स्थानीय लोगों का दावा है कि पिछले कुछ महीनों में इस क्षेत्र में बच्चों और बुजुर्गों पर कुत्तों के हमले की 50 से अधिक घटनाएं हो चुकी हैं. निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों की समस्या का जल्द से जल्द कोई स्थायी समाधान निकाला जाए ताकि भविष्य में किसी और मासूम की जान खतरे में न पड़े.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here