गांव बुर्ज में हुए जानलेवा हमले के मामले में थाना सदर रतिया पुलिस की कार्रवाई, 11वां आरोपी गिरफ्तार

0
13

रतिया: आपराधिक वारदातों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए फतेहाबाद पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना सदर रतिया पुलिस ने गांव बुर्ज में हुए जानलेवा हमले के मामले में एक अन्य सह-आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप कुमार पुत्र सूबा सिंह निवासी गांव सिधानी, जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हमले की घटना का ब्योरा

थाना सदर रतिया प्रभारी महिला निरीक्षक पुष्पा ने बताया कि 10 अक्टूबर 2025 को गांव बुर्ज निवासी हीरा सिंह अपने साथियों के साथ एक मकान में बैठा हुआ था। इसी दौरान सफेद रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए हमलावरों ने गंडासे व लोहे की रॉड सहित अन्य हथियारों से उस पर हमला कर दिया था। हमले में हीरा सिंह घायल हो गया था। आरोपियों ने जाते समय दो मोटरसाइकिलों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।

भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में दर्ज मामला

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता के बयान एवं मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाना सदर रतिया में अभियोग संख्या 185, दिनांक 12.10.2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 333, 115(2), 351(3), 118(1), 324(4) व 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।

11वें आरोपी की गिरफ्तारी, जांच जारी

महिला निरीक्षक पुष्पा ने बताया कि पुलिस इस मामले में 10 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब पुलिस टीम ने 11वें आरोपी संदीप कुमार को भी काबू कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में अन्य तथ्यों की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि हिंसक वारदातों एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here