तपती धूप में भी ठंडक का एहसास, 5 देसी ड्रिंक्स जो शरीर को अंदर से रखें ठंडा

0
10
Summer Cooling Drinks
Summer Cooling Drinks

भारत के कई राज्य इस समय भीषण लू और रिकॉर्ड तोड़ गर्मी की चपेट में हैं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी जारी की है कि उत्तर-पश्चिमी, मध्य, पूर्वी भारत के मैदानी इलाकों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है. इस जानलेवा गर्मी से नागरिकों को सुरक्षित रखने के लिए केंद्रीय आयुष मंत्रालय ने एक आधिकारिक गाइडलाइन जारी की है. इसमें धूप से बचने के उपायों के साथ-साथ शरीर को अंदर से ठंडा रखने वाले पांच बेहद असरदार और पारंपरिक घरेलू ड्रिंक्स को दैनिक आहार में शामिल करने की सलाह दी गई है.

5 ड्रिंक्स जो इस गर्मी में आपको हाइड्रेटेड और सेहतमंद रखेंगे

छाछ

भारतीय घरों में सदियों से इस्तेमाल होने वाली छाछ गर्मियों का सबसे बेहतरीन अमृत है. यह दही में ठंडा पानी, भुना हुआ जीरा, काला नमक और थोड़ी सी अदरक मिलाकर तैयार किया जाता है. छाछ पाचन तंत्र को दुरुस्त रखती है और इसमें मौजूद प्रोबायोटिक्स पेट को हल्का रखते हैं. यह ज्यादा गर्मी के कारण होने वाली अपच से भी बचाती है. दोपहर के खाने के साथ इसको पीने से शरीर के तापमान को ठीक किया जा सकता है.

सत्तू का शरबत

भुने हुए चने को पीसकर बनने वाला सत्तू विशेष रूप से बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में बेहद लोकप्रिय है. सत्तू को ठंडे पानी, नमक, नींबू या हल्के गुड़ के साथ मिलाकर गाढ़ा शरबत तैयार किया जाता है. यह हाई-प्रोटीन और फाइबर से भरपूर ड्रिंक शरीर की गर्मी को शांत करता है. ये लंबे समय तक ऊर्जा बनाए रखता है और बार-बार लगने वाली भूख को भी कंट्रोल में रखता है.

ताजे फलों का रस

तरबूज, संतरा, मौसंबी और अनार जैसे पानी व विटामिन-सी से भरपूर फलों का जूस गर्मियों में अमृत समान है. ये फल एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होते हैं जो गर्मी के कारण शरीर पर पड़ने वाले हीट स्ट्रेस को कम करते हैं.

नारियल पानी

नारियल पानी को प्रकृति का रेडीमेड स्पोर्ट्स ड्रिंक कहा जाता है. विटामिन्स और खनिजों से भरपूर यह पानी पसीने के माध्यम से शरीर से बाहर निकलने वाले जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को तुरंत पूरा करता है. नारियल पानी विटामिन्स और खनिजों से भरपूर होता है और यह पसीने के माध्यम से शरीर से बाहर निकलने वाले जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी को तुरंत पूरा करता है. इसमें शुगर की मात्रा बहुत कम होती है, जो डिहाइड्रेशन और कमजोरी को दूर करने में सबसे कारगर होती है.

नींबू पानी

नींबू पानी या ‘शिकंजी’ गर्मियों का सबसे सुलभ और असरदार उपाय है. पानी में नींबू का रस, सेंधा नमक और हल्की सी चीनी या शहद मिलाकर इसे बनाया जाता है. यह शरीर में सोडियम के स्तर को बनाए रखता है और लू के कारण होने वाले चक्कर या कमजोरी से बचाता है. इसमें भुना हुआ जीरा और काला नमक मिलाकर पीने से भूख बढ़ती है और एसिडिटी से राहत मिलती है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here